Delhi Road Accidents: दिल्ली सड़क हादसों में रोजाना चार लोगों की हो रही मौत, 5 महीनों में 2235 हादसे, 577 मौतें

Delhi Road Accidents: दिल्ली में आए दिन सड़क हादसों को लेकर खबरें आती हैं। बहुत से लोग इन सड़क हादसों में अपनी जिंदगी गंवा बैठते हैं। हालांकि 2024 के मुकाबले 2025 के शुरुआती 5 महीनों में हादसों में कुछ कमी आई है। लेकिन इसके बावजूद भी मरने वालों की संख्या चिंता का विषय बनी हुई है। आंकड़ों की मानें, तो अभी भी सड़क हादसों में रोजाना मरने वालों की संख्या चार है।
बीते साल 2024 में जनवरी से मई के बीच 2,322 मामले दर्ज किए थे। इनमें से 652 लोगों की मौत हुई थी। वहीं घायल होने वालों की संख्या 2106 हो गई। वहीं साल 2025 के बीते पांच महीनों में 2235 सड़क हादसे दर्ज किए गए हैं। इनमें 577 लोगों की मौत हुई और 2187 लोग घायल हुए। इस अनुसार, हादसों में मरने वालों की संख्या में कमी आई है, लेकिन घायलों की संख्या में बढ़त दर्ज की गई है।
दिल्ली पुलिस द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से मई के बीच 2,235 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 577 मौतें हुईं और 2,187 घायल हुए। इसके अलावा, सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों की कुल संख्या 2024 के पहले पांच महीनों में 2,106 घायलों से धीरे-धीरे बढ़कर इस साल 2,187 हो गई है। वहीं मरने वालों की संख्या 652 दर्ज की गई।
मार्च 2025 इस साल का सबसे घातक महीना रहा, इस दौरान 137 घातक दुर्घटनाएं और 139 मौतें दर्ज की गईं। हालांकि अप्रैल के महीने में घातक दुर्घटनाएं देखी गईं। अप्रैल में ऐसी 91 दुर्घटनाएं देखने को मिलीं।
वहीं मई 2025 में कुल 458 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें 100 घातक दुर्घटनाएं थीं, जिनमें 107 मौतें हुईं और 458 लोग घायल हुए। इस साल के मुकाबले पिछले साल मई में आंकड़े थोड़े ज्यादा थे। मई 2024 में कुल 447 दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 125 घातक थीं। इन 125 हादसों में 127 लोगों की मौतें हुईं।
जबकि पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले इस साल घातक दुर्घटनाओं की संख्या में 13.5 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो 2024 में 643 से घटकर 2025 में 556 हो गई है।
