Delhi Murder Case: गुस्से में पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति गुजरात से गिरफ्तार

गुरुग्राम में व्यक्ति की हत्या। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Murder Case: दिल्ली पुलिस ने 15 साल से फरार हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 15 साल पहले उत्तर-पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में हुई महिला की हत्या के मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने मृतक महिला के पति को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि बुधवार, 6 नवंबर को राजस्थान निवासी नरोत्तम प्रसाद को गुजरात के छोटा उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि वो अपनी पहचान छिपाकर गुजरात के छोटा उदयपुर में रह रहा था। साथ ही कपास के एक कारखाने में प्रबंधक के रूप में काम कर रहा था। अधिकारी ने कहा, 'प्रसाद ने 2010 में अपनी 25 वर्षीय पत्नी की हत्या की। इसके बाद घटनास्थल पर इसे आत्हत्या का रूप दिया। घटना के बाद से वो फरार हो गया था। इसे पकड़ने के लिए 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।'
बता दें कि महेंद्र पार्क थाने में 31 मई 2010 को नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर पुलिस को सूचना मिली थी कि जहांगीरपुरी स्थित एक बंद घर से बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाज़ा तोड़ा। कमरे में जमीन पर एक महिला का आंशिक रूप से सड़ चुका शव पड़ा था। वहां पर एक सुसाइड नोट भी पड़ा हुआ था।
शुरुआती जांच में प्रसाद मुख्य संदिग्ध निकला था। हालांकि घटना के बाद से ही वो फरार था। पुलिस ने प्रसाद को भगोड़ा घोषित किया। एक दशक से भी ज़्यादा समय बीतने के बावजूद ये केस सुलझ नहीं पाया। अधिकारी ने बताया, '4 नवंबर को सूचना मिली कि आरोपी गुजरात में छिपा है। इसके बाद 5 नवंबर को टीम ने उसे छोटा उदयपुर से पकड़ लिया और वापस दिल्ली ले आई।
पूछताछ के बाद प्रसाद ने वैवाहिक विवादों में अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की। उसने बताया कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच झगड़े होने लगे थे। एक दिन झगड़े के दौरान गुस्से में आकर उसने अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए उसने एक फर्जी 'सुसाइड नोट' लिखा। इसके बाद से वो 15 सालों से गुमनामी की जिंदगी जी रहा था।
