Delhi Police: दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 724 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त, दो गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने 724 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए और 2 लोगों को गिरफ्तार किया।
Delhi Police: देश की सर्वोच्च अदालत यानी कि सुप्रीम कोर्ट ने पटाखों की बिक्री और उनके स्टोरेज को लेकर गहरी चिंता जताई है। इसके बाद भी यहां बड़े पैमाने पर अवैध पटाखों की बिक्री और स्टोरेज किया जा रहा है। वहीं दिल्ली पुलिस ने इसको लेकर दो जगह छापेमारी की और इस मामले में लगभग 724 किलोग्राम अवैध पटाखों को जब्त किया है। साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें से एक का नाम गौरव और दूसरे का नाम राजीव कुमार है।
बता दें कि पहले मामले में क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा कोशिश के बाद गौरव गुप्ता नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी दिल्ली के उत्तम नगर का रहने वाला है और उसके पिता का नाम लेफ्टिनेंट प्रमोद गुप्ता है। इसके अलावा आरोपी के पास 77 KG अवैध पटाखे पकड़े गए थे, जो उसके घर में ही रखे हुए थे। जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को एक सीक्रेट जानकारी मिली थी। इसको लेकर टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की थी। आरोपी के घर से अवैध पटाखों का जखीरा मिला था। टीम ने पटाखों को जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
वहीं दूसरे मामले में राजीव कुमार नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से 6 अलग-अलग जगहों से 648 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए। बता दें कि अवैध पटाखों का जखीरा लोगों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा था। इसे दिल्ली के रिहायशी इलाके में गैर-कानूनी तरीके से रखा गया था, जो प्रसाशन के लिए एक बड़ी चुनौती जैसा था।
पुलिस के अनुसार एसआई कुलदीप को एक सीक्रेट जानकारी मिली थी कि दिल्ली के नजफगढ़ में एक व्यक्ति अवैध पटाखों को बेच रहा है। उसका नाम राजीव है और अगर समय रहते छापेमारी की गई तो उसे पकड़ा जा सकता है। टीम ने बिना देरी किए दिल्ली के नजफगढ़ के श्याम विहार इलाके में छापेमारी की, जहां से 52 वर्षीय राजीव को गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके पास मौजूद 648 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए। क्रांइम ब्राच दिल्ली ने आरोपी को गिरफ्तार किया, साथ ही आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
दिल्ली क्रांइम ब्रांच के अधिकारी हर्ष इंदौर के अनुसार, आरोपी गौरव गुप्ता ने 10वीं तक ही पढ़ाई की है। साथ ही वो शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। वहीं उसने बताया कि 2022 तक ही उसने वैध पटाखे बेचे थे। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट द्वारा पटाखों को बैन करने बाद भी वो उन्हें आसानी से बेचता रहा। ठीक इसी प्रकार आरोपी राजीव ने भी 10वीं तक ही पढ़ाई की है। वो भी शादीशुदा है और उसके भी दो बच्चे हैं। वहीं उसने बताया कि वो हरियाणा के झज्जर में पटाखे बेचता था। लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट ने पटाखे बैन कर दिए, तब भी वो आसानी से पटाखे बेचता रहा और स्टॉक भी करता रहा।
