Delhi Police: दिवाली से पहले एक्शन में दिल्ली पुलिस, 4600 KG अवैध पटाखे जब्त, 10 गिरफ्तार

Illegal Firecrackers Seized In Delhi
X

दिल्ली पुलिस ने 4,600 किलो से ज्यादा अवैध पटाखे जब्त। 

Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने फेस्टिव सीजन से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए 4,600 किलो अवैध पटाखे जब्त किए हैं। इसके अलावा 10 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

Delhi Police Action On Illegal Firecrackers: दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस शहर में अवैध पटाखों को लेकर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली पुलिस ने शहर में अलग-अलग अभियानों में अभी तक 4,600 किलो से ज्यादा अवैध पटाखे जब्त किए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कुल 10 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजधानी में पटाखों के भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल पर लगे बैन को लेकर की गई।

दरअसल, दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार वायु प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पटाखों पर रोक लगाई है। अधिकारियों का कहना है कि दिवाली के दौरान खतरनाक केमिकल उत्सर्जन को कम करने के लिए बैन लगाया गया। बता दें कि दिवाली के दौरान पूरे शहर में वायु गुणवत्ता का स्तर काफी नीचे गिर जाता है।

अवैध पटाखों की सप्लाई करने वाले गिरफ्तार

हाल ही में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध पटाखों की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने अवैध पटाखों की सप्लाई करने वाले 3 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान सुभाष विहार के रहने वाले भगवती प्रसाद, उसके बेटे तरुण सिंघल और शाहदरा के रहने वाले राजीव गोयल के रूप में की गई है।

पुलिस ने इन तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल, दिल्ली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शख्स मंडोली इलाके में अवैध पटाखों की सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि आरोपी भगवती प्रसाद यमुना पार के इलाकों में अवैध पटाखों की सप्लाई में शामिल है।

कैसे पकड़े गए आरोपी?

आरोपी की पहचान होने के बाद उसे पकड़ने के लिए स्पेशल टीम बनाई गई। पुलिस के अनुसार, मुखबिर ने एक जानकार के जरिए भगवती प्रसाद को ऑर्डर दिया, जिसने मंडोली के बैंक एन्क्लेव रोड के पास डिलीवरी देने का आश्वासन दिया था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को जाल बिछाया। रात करीब 11:45 बजे मंडोली के बैंक कॉलोनी रोड के पास टीम ने स्कूटी सवार 2 लोगों को रोका, मंडोली में दो व्यक्तियों के साथ एक होंडा एक्टिवा स्कूटी को रोका गया। पुलिस ने उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

उनकी पहचान आरोपी भगवती प्रसाद और उसके बेटे तरुण के रूप में हुई। आरोपियों से पूछताछ के बाद नंद नगरी फाटक के पास अपनी एक दुकान के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस ने दुकान पर छापेमारी की, जहां से 13 अलग-अलग तरह के अवैध पटाखों से भरे 71 डिब्बे बरामद हुए। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने राजीव गोयल को गिरफ्तार किया। उसने मेरठ से पटाखे खरीदे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story