Human Trafficking: घर छोड़कर भागी बच्ची... मानव तस्करी के जाल में फंसी, मिस्ड कॉल से पुलिस ने बचाया

दिल्ली पुलिस ने 13 साल की लड़की को मानव तस्करी के जाल से छुड़ाया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Human Trafficking Case: दिल्ली के भारत नगर की रहने वाली 13 साल की लड़की अपने पिता से झगड़ा कर घर से भाग गई थी। करीब 1 महीने बाद दिल्ली पुलिस ने उस लड़की को बचा लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़की मानव तस्करी के जाल में फंस गई थी, जहां पर उसकी जबरन शादी करा दी गई थी। जब वह घर छोड़कर गई थी, उसके करीब 1 महीने बाद लड़की के परिवार को एक मिस्ड कॉल मिली, जिससे पुलिस ने उसका पता लगाया और रेस्क्यू किया।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 13 वर्षीय लड़की अपने घर से निकलकर दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में बैठकर मेरठ पहुंच गई थी। वहां पर रेलवे स्टेशन पर भटकते हुए कुछ लोगों से मिली, जिन्होंने उसे मानव तस्करी के जाल में फंसाया। हालांकि अपनी दादी को दिए एक मिस्ड कॉल के जरिए उसे बचाया गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, पिछले महीने 22 जुलाई को दिल्ली पुलिस को शिकायत मिली थी, जिसमें परिवार ने बताया गया कि उनकी 13 वर्षीय नाबालिग लड़की लापता हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को नाबालिग लड़की का कोई सुराग नहीं मिली। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नाबालिग लड़की ने अपने परिवार को एक मिस्ड कॉल दिया। हालांकि परिवार के लोगों ने जब वापस उस नंबर पर कॉल किया, तो सामने वाले ने कहा कि उसकी बहू ने ही कॉल किया होगा।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने परिवार से नंबर लेकर लड़की की तलाश शुरू की, तो उसका लोकेशन मथुरा में मिला। हालांकि पुलिस को वहां से कोई सुराग नहीं मिला। फिर पता चला कि परिवार ने जो नंबर दिया था, उसमें एक अंक गलत था। इसके बाद पुलिस ने सही नंबर लिया और फिर उस ट्रेस किया, जिसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश के शामली में पाई गई। पुलिस की टीम तुरंत शामली पहुंची और लड़की को बचा लिया।
मानव तस्करी का शिकार हुई नाबालिग
नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के डीसीपी भीष्म सिंह ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि नाबालिग लड़की घर से भागकर मेरठ मेरठ जाने वाली ट्रेन में सवार हो गई थी। वहां स्टेशन पर भटकते हुए वह एक 20 साल के युवक से मिली, जो हापुड़ का रहने वाला था। उसने नाबालिग लड़की से झूठे वादे कर अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद युवक लड़की को मेरठ के रहने वाले 55 वर्षीय साथी के पास ले गया।
इसके बाद दोनों लड़की को लेकर यूपी के शामली पहुंचे, जहां पर उन्होंने लड़की का फर्जी आधार कार्ड बनवा दिया। उसमें लड़की की उम्र 19 साल बताई गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन आरोपियों ने एक 40 साल के आदमी से नाबालिग लड़की की जबरन शादी करवा दी। इसके बदले में उन्होंने उस व्यक्ति से लगभग 20 हजार रुपये लिए।
Watch: Delhi Police rescued 13-year-old girl from Shamli, busted human trafficking gang and arrested four accused, fake Aadhaar card and four mobiles recovered. North West DCP Bhisham Singh provided details about the arrest pic.twitter.com/h5u6hNOo4M
— IANS (@ians_india) August 18, 2025
3 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें लड़की से शादी करने वाला 40 साल का व्यक्ति और उसकी तस्करी करने वाले दोनों आरोपी शामिल हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के केस दर्ज किया गया है। इसमें मानव तस्करी, तस्करी किए गए व्यक्ति का शोषण और सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ के आरोप शामिल हैं। पुलिस अभी भी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
