इंस्टाग्राम पर दोस्ती पड़ी भारी: सनकी आशिक ने महिला के बच्चे को किया किडनैप, दिल्ली पुलिस ने ऐसे बचाया

दिल्ली पुलिस ने किडनैप हुए 4 साल के बच्चे को बचाया।
Delhi Child Kidnapping: दिल्ली की अमर थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सिर्फ 8 घंटे में चार साल के बच्चे को किडनैपर के चंगुल से छुड़ा लिया। साथ ही पुलिस ने बच्चे को अगवा करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सुधाकर सिंह (24) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने उसे लखनऊ रेलवे स्टेशन पर सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर से गिरफ्तार किया।
दरअसल, यह पूरा मामला रविवार का है। 12 अक्टूबर को दोपहर के समय अमर कॉलोनी थाने में बच्चे के अगवा होने की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके चार साल के बेटे को किसी ने किडनैप कर लिया है। वह घर के बाहर खेल रहा था और अचानक गायब हो गया।
पिता की शिकायत पर केस दर्ज
शिकायतकर्ता पवन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति सुधाकर सिंह को अपने घर के आसपास देखा था, जो बाद में फरार हो गया। इसके बाद दोपहर 4:30 बजे उनकी पत्नी कंचन गुप्ता को कॉल आया, जिसमें कॉलर ने बताया कि सुधाकर ने उनके बेटे को किडनैप कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की टीम ने तकनीकी निगरानी (सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग) और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद ली। आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए टीम ने उसके रूट का पता लगाया। इसके बाद 13 अक्टूबर की सुबह आरोपी को सुहेलदेव एक्सप्रेस ट्रेन के अंदर से पकड़ लिया गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया।
क्यों किया बच्चे को किडनैप?
पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। छानबीन में पता चला कि शिकायतकर्ता की पत्नी कंचन पिछले एक साल से इंस्टाग्राम पर आरोपी सुधाकर के संपर्क में थी। आरोपी ने पहले भी उन्हें धमकी दी थी कि अगर कंचन उसके साथ रहने से मना करेगी, तो वह उनके बच्चे को किडनैप कर लेगा। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बच्चे को अपने पैतृक गांव लेकर जा रहा था, जिससे वो कंचन पर शादी का दबाव बना सके। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त कर लिए हैं। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
