Delhi Police: सागरपुर पुलिस ने वकीलों के लिए अभद्र भाषा का किया इस्तेमाल, बवाल के बाद सब-इंस्पेक्टर सस्पेंड

दिल्ली सागरपुर थाने पर वकीलों और पुलिस के बीच टकराव
Delhi Police: दिल्ली के सागरपुर थाने से गुरुवार को एक वीडियो वायरल होने से वकीलों में भारी आक्रोश फैल गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों द्वारा वकील के साथ कथित बदसलूकी और गलत व्यवहार दिखाया गया है, जिसके बाद शुक्रवार को वकीलों ने थाने का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उनके दबाव में दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाने के एसएचओ को लाइन हाजिर कर दिया और एक सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया।
क्या था पूरा मामला?
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सागरपुर पुलिस थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी एक अधिवक्ता के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते दिखे, जिसमें धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शामिल थी। इस वीडियो ने दिल्ली के वकीलों में खलबली मचा दी। वकीलों का आरोप था कि पुलिस ने उनके एक साथी के साथ दुर्व्यवहार किया, जो थाने किसी मामले से जुड़े काम के सिलसिले में गए थे।
वायरल वीडियो से मचा बवाल
वीडियो सामने आने के तुरंत बाद बड़ी संख्या में वकील सागरपुर थाने पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव कर जोरदार नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। वकीलों ने मांग की कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उनका गुस्सा पुलिस की ओर से वकीलों के साथ होने वाले कथित अपमानजनक व्यवहार को लेकर फूट पड़ा। जिससे पुलिस प्रशासन पर तुरंत एक्शन लेने का दबाव बढ़ गया।
सब इंसपेक्टर सस्पेंड
वकीलों के विरोध और प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल के निर्देश पर कार्रवाई हुई। सागरपुर थाने के एसएचओ को लाइन हाजिर (लाइन अटैच) कर दिया गया। साथ ही एक सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। इसके अलावा एक अन्य एसआई को भी लाइन हाजिर किया गया।
