Delhi Police: दिल्ली के रिक्शा चालकों को लूटने वाला गिरोह बेनकाब, मुख्य सरगना काबू

दिल्ली पुलिस ने रिक्शा चालकों को लूटने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश।
देश की राजधानी दिल्ली से आए दिन चोरी, लूट और हत्या के मामले सामने आते रहते हैं। लेकिन एक ही क्षेत्र में अगर एक जैसी घटना सामने आए तो पुलिस की नींद उड़ जाती है। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे ही गिरोह को पकड़ा है, जो कि रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर उनके पैसे और मोबाइल इत्यादि लूट लेता था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पहाड़गंज में 3 फरवरी को एक रिक्शा चालक को लुटेरों ने निशाना बनाया था। उन्होंने रिक्शा चालक को रुकवाया और बुरी तरह से पीटने के बाद उसके पास से पैसे और मोबाइल लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित रिक्शा चालक ने आनंद पर्वत थाना में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए। साथ ही गुप्तचरों को भी एक्टिव कर दिया। इस दौरान पुलिस को गुप्तचर से सूचना मिली कि रिक्शा चालक से लूट वारदात में शामिल एक आरोपी रामस्वरूप विद्यार्थी मार्ग पर सीएनजी पंप के पास दिखाई दिया है। सूचना पाते ही तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे दबोच लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम चमन बताया। 22 वर्षीय चमन ने शुरुआत में किसी भी लूट की वारदात में शामिल होने से इनकार कर दिया, लेकिन जब उसके पंजाबी बस्ती के घर की तलाशी ली तो रिक्शा चालक से लूटा गया मोबाइल फोन मिल गया। इसके बाद उससे सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि उसने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वे नशा करते हैं और नशे के लिए पैसों का इंतजाम करने के लिए लूट करते हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद पता चला है कि आरोपी चमन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। बहरहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके बाकी दो साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
