Pakistani Spy in Delhi: विदेशी न्यूक्लियर साइंटिस्ट से संपर्क! दिल्ली में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस आदिल

दिल्ली में पाकिस्तानी जासूस के आरोप में एक शख्स गिरफ्तार। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Pakistani Spy in Delhi: दिल्ली पुलिस ने बड़े जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 2 भाइयों को गिरफ्तार किया है, जिनके ऊपर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। आरोपियों की पहचान झारखंड के रहने वाले आदिल हुसैनी और अख्तर के रूप में की गई है।
दिल्ली पुलिस ने 2 दिन पहले आरोपी आदिल हुसैनी को सीमापुरी इलाके से गिरफ्तार किया था। उसे नसीमुद्दीन और सैयद आदिल हुसैनी नामों से भी जाना जाता है। पुलिस के अनुसार, आदिल नकली पासपोर्ट बनाने वाले रैकेट से जुड़ा हुआ था। उसके पास से कई नकली पासपोर्ट बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, आदिल काफी सालों से दिल्ली के अंदर रह रहा था। इसके अलावा वह पाकिस्तान समेत कई देशों की यात्रा भी कर चुका है।
न्यूक्लियर साइंटिस्टों से संपर्क!
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्पेशल सेल ने रविवार को आरोपी आदिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी पाकिस्तान के लिए संवेदनशील सूचनाएं शेयर करने और फर्जी पासपोर्ट रैकेट चलाने में शामिल था। उसके कब्जे से 1 असली और 2 नकली पासपोर्ट बरामद किए गए हैं।
आशंका है कि आरोपी आदिल का विदेशी न्यूक्लियर साइंटिस्टों से भी संपर्क है। हालांकि पुलिस ने इस पर कोई बयान नहीं दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 61(2)/318/338/340 के तहत एफआईआर दर्ज की है। सोमवार को उसे साहिल मोंगा की अदालत में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
आदिल का भाई भी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के बाद आरोपी आदिल के भाई अख्तर हुसैनी को भी गिरफ्तार कर लिया। अख्तर को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया। जानकारी के मुताबिक, अख्तर कई बार गल्फ देशों में जा चुका है। उसने एक सीक्रेट सेंटर के 3 फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे। इन दोनों जासूस भाइयों के अलावा अन्य कई लोग भी फर्जी पासपोर्ट रैकेट में शामिल हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि इनमें एक कैफे ऑपरेटर भी शामिल है। उसे मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेज उपलब्ध कराए हैं। यह रैकेट विदेश में कहां तक फैला हुआ है? फिलहाल मामले की जांच जारी है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
