Delhi Police: पॉश इलाकों में काम करने वाली महिला निकली चोर, 50 चाबियों के साथ गिरफ्तार

दिल्ली क्राइम
Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस ने पॅाश इलाकों के घरों में चोरी करने वाली महिला को 50 चाबियों के गुच्छे के साथ गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि वो नकली चाबियों की मदद से घरों का ताला खोलकर चोरी किया करती थी। यह महिला पहले भी कई मामलों में शामिल रही है।
घरों में काम के साथ चोरी को दिया अंजाम
पुलिस ने महिला की पहचान मणिपुर निवासी जायनीला टोगसिन अनल के रूप में की है। यह महिला पॅाश एरिया के घरों में काम करती थी। उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि महिला के पास से चोरी का ईयरफोन, पर्स, जूते आदि बरामद किए गए हैं। इसके अलावा महिला के पास एक चाबी का गुच्छा मिला, जिसमें 50 से भी ज्यादा चाबियां थीं।
पुलिस को मिली सूचना
इस महिला ने बहुत से लोगों को अपना शिकार बनाया। हाल ही में चोरी का शिकार हुए मुनिरका निवासी रियांग सिंह ने इस मामले की सूचना 11 जून को पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से लैपटॉप, कैमरा, एक एलईडी, बैग के साथ अन्य सामान चोरी हुआ है। इससे पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि हुमायूंपुर निवासी एक पीड़ित के घर से लैपटाप, सोने और हीरे की बालियां आदि सामान के साथ कुछ नकदी चोरी हुई। पुलिस ने इन दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़ा। दोनों मामलों में एक जैसी बात थी, उनके घर में काम करने वाली सहायिका। पुलिस को उस पर शक हुआ, तो पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
कैसे किया गिरफ्तार
पुलिस ने केस दर्ज करने के तुरंत बाद मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपिता को पकड़ने के लिए करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इन फुटेज को खंगालने के बाद महिला की पहचान कर उसे छतरपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया। पुलिस ने बताया कि इस महिला के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
