Delhi Murder: धारदार हथियार से महिलाओं पर हमला, एक की मौत, दो घायल

Delhi Murder: दिल्ली के ख्याला इलाके में एक शख्स ने धारदार हथियार से तीन महिलाओं पर हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई। वहीं दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस आरोपी से हमला करने का कारण जानने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस को सुबह लगभग 8 बजे एक फोन कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि ख्याला इलाके में एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों पर जानलेवा हमला किया है। पुलिस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि एक व्यक्ति जिसका नाम बब्बू खान है, उसने तीन महिलाओं पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जांच में पता चला कि आरोपी और पीड़ित दोनों पक्षों में लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद ने मंगलवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी बब्बू खान सुबह-सुबह एक चापड़ लेकर पीड़ितों के घर पहुंचा। उसने सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद 50 वर्षीय नुसरत पर हमला किया। इस हमले में नुसरत की मौके पर ही मौत हो गई। नुसरत को बचाने के लिए उनकी रिश्तेदार अकबरी बीच में आई, आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद उसने घर में मौजूद 20वर्षीय सानिया पर हमला किया, जिससे वो भी घायल हो गई।
घर से चीख पुकार की आवाजें सुनाई देने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बब्बू खान को पकड़कर बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को फोन कर सूचना दी। ख्याला थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके पास से धारदार हथियार (चापड़) भी बरामद किया, जिससे आरोपी ने तीनों महिलाओं पर हमला किया था।
