6 African Arrested: दिल्ली में 6 अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार, इस डिटेंशन सेंटर से किया जाएगा डिपोर्ट

दिल्ली से 6 अफ्रीकी नागरिक गिरफ्तार।
6 African Arrested: दिल्ली पुलिस शहर में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ लगातार एक्शन ले रही है। ऐसे लोगों पर नकेल कसते हुए पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर रही है। इसके बाद उन्हें उनके देश में वापस भेज दिया जाता है। देश में अब तक हजारों बांग्लादेशियों को गिरफ्तार कर उन्हें उनके देश वापस डिपोर्ट किया गया है। वहीं कुछ पाकिस्तानी नागरिकों को भी पकड़ा गया, जो अपना नाम और पहचान छिपाकर दिल्ली में काफी समय से रह रहे थे।
वहीं अब दिल्ली के बाहरी जिले की पुलिस ने अवैध तरीके से दिल्ली में रहने वाले 6 अफ्रीकन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। निहाल विहार थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्ती टीम ने सतर्कता दिखाते हुए सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में सभी को कानूनी प्रक्रिया के तहत विदेशी नागरिक से संबंधित विभाग नागरिक प्राधिकरण को सौंप दिया गया ताकि उन्हें उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।
इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है। इसके लिए दिल्ली पुलिस अभियान चला रही है। विदेशी नागरिकों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए अभियान तेज किया गया है। 10 अक्टूबर को निहाल विहार थाने की टीम ने चंदर विहार इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि कुछ विदेशी नागरिक बिना वैध दस्तावेजों के एक मकान में रह रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम एक्शन में आई और तत्परता से छापा मारा। पुलिस को देखकर विदेशी नागरिकों ने भागने की कोशिश की। हालांकि वे अपने मंसूबों में नाकामयाब रहे और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके पास पासपोर्ट और वीज़ा जैसे जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। आगे जांच में पाया गया कि उनके वीज़ा की अवधि काफी पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वे दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नाइजीरिया निवासी सैमुएल, माल्क फराडे, इनौसा के रूप में हुई है। वहीं एक आरोपी की पहचान घना निवासी इवांस डांसो के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपियों की पहचान कैमरून निवासी फ्रैंक फोटचिंग, रोमियो लूसियन के रूप में हुई है। पुलिस ने उन्हें नरेला स्थित सेवा सदन, लैंपुर डिटेंशन सेंटर में भेज दिया है। साथ ही एफआरआरओ के समन्वय में निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं जिस मकान में ये 6 लोग रहते थे, उसके मकान मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
