Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने फिर पकड़े 20 बांग्लादेशी, अवैध विदेशियों के खिलाफ अभियान जारी

दिल्ली पुलिस ने 20 अवैध बांग्लादेशियों को किया गिरफ्तार
Delhi Police: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से 20 बांग्लादेशियों को पकड़ा गया है। यह लोग देश में अवैध रूप से रह रहे थे, जिन्हें दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन लोगों के पास कोई वैध दस्तावेज मौजूद नहीं है। बाहरी जिला पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान चला रही है जो देश में अवैध तरीके से रह रहे हैं। इसी अभियान के तहत इन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस अभियान को पिछले साल 2025 से चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, बिना वैध दस्तावेज और वीज अवधि खत्म होने के बाद भी रहने वाले ऐसे ही 548 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी लोगों को कानूनी प्रक्रिया के तहत विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय द्वारा जारी निर्वासन आदेशों के अनुसार हिरासत केंद्रों में भेज दिया गया है।
साल भर चले इस अभियान में कई थानों की विशेष टीमों को शामिल किया गया था। इस दौरान सबसे अधिक गिरफ्तारियां फॉरेनर्स सेल द्वारा की गई, जिसने लगभग 318 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उसके बाद दूसरे स्थान पर निहाल विहार और तीसरे स्थान पर मुंडका रही। निहाल विहार ने 136 जबकि मुंडका ने 87 लोगों को गिरफ्तार किया। इस अभियान में सहयोग करने वाली अन्य युनिटों में पश्चिम विहार पूर्वी, रनहोला और साइबर पुलिस स्टेशन शामिल है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी लोग बाहरी जिले में बिना वैध वीजा या फिर बिना दस्तावेजों के रह रहे थे। एफआरओ के समक्ष पेश करने के बाद इन सभी लोगों को निर्वासन आदेश के तहत हिरासत केंद्रों में भेज दिया जाएगा। इस अभियान को बाहरी जिले के डीसीपी सचिन शर्मा की देखरेख में लगाया जा रहा था। उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान कानून व्यवस्था को बनाए रखने और अनधिकृत निवास को रोकने के लिए पुलिस की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बाहरी पुलिस ने दोहराया कि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।
