पुलिस का बड़ा एक्शन: गैंगस्टरों को हथियार देने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, हथियारों की बड़ी खेप भी जब्त

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में हथियार सप्लाई करने वाले बदमाश।
Delhi Crime: दिल्ली पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच की टीम ने कुख्यात हथियार सप्लायर मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार किया है। साथ ही उसके 3 साथियों अनिकेत, विशाल और सौरभ को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 15 पिस्तौल, 150 जिंदा कारतूस और 8 अतिरिक्त मैगजीन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी दिल्ली-एनसीआर में गैंगस्टरों को हथियार सप्लाई करते थे। आरोपी 30-35 हजार में पिस्तौल खरीदकर 50-60 हजार में बेचते थे। जानकारी के मुताबिक, इन आरोपियों के लिंक नीरज बवाना गैंग और अफसर गैंग से जुड़े पाए गए हैं। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि साजिद नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि वह मेरठ से हथियार खरीदकर दिल्ली में अपराधियों को सप्लाई करता था। उन्होंने बताया कि साजिद ने नीरज बवानिया गैंग के सनी जसवंत नाम के शख्स को भी हथियार मुहैया कराए थे। इसके अलावा भी कई अपराधी हैं जो उससे हथियार लेते रहे हैं।
कैसे पकड़ा गया मुख्य आरोपी?
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 11 अगस्त की शाम को सूचना मिली थी कि आरोपी साजिद हथियारों की बड़ी खेप की सप्लाई करने के लिए दिल्ली में आने वाला है। वह लोगों को हथियार बांटने के लिए राजधानी में आ रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने जाल बिछाया और उसे हथियारों की खेप के साथ पकड़ लिया। आरोपी साजिद को सुभाष प्लेस के पास से गिरफ्तार किया गया। वह कार में हथियारों की बड़ी खेप लेकर घूम रहा था। पुलिस ने उसके पास से 10 ऑटोमेटिक पिस्तौल, 118 कारतूस और 8 मैगजीन बरामद कीं।
ये आरोपी भी पकड़े गए
मुख्य आरोपी साजिद से पूछताछ करने के बाद 3 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान अनिकेत, विशाल और सौरभ के रूप में की गई है। ये आरोपी अवैध हथियारों की रिसीव करते थे।
- विशाल राणा उर्फ भोला (28) (इंदरपुरी) - 1 पिस्टल और 3 कारतूस बरामद
- अंकित उर्फ प्रदीप (32), राजौरी गार्डन - 1 पिस्टल और 2 कारतूस बरामद
- सौरभ धिंगड़ा उर्फ मैनी (38) , कीर्ति नगर - 3 पिस्टल और 27 कारतूस बरामद
आरोपी साजिद का क्राइम रिकॉर्ड
हथियारों की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी साजिद पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। साल 2012 में साजिद को दिल्ली में लूट और डकैती के दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद साल 2022 में साजिद पर आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज किया गया। फिर साल 2023 में स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी साजिद को हथियारों की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया था। हालांकि जेल से छूटने के बाद उसने फिर से हथियारों की तस्करी करना शुरू कर दिया।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
