Delhi Police: दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 628 KG पटाखे जब्त, 4 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने की अवैध पटाखों को लेकर बड़ी कार्रवाई।
Delhi Police Action: दिल्ली पुलिस ने दिवाली से पहले प्रतिबंधित पटाखों को लेकर बड़ी कार्रवाई की। क्राइम ब्रांच ने 2 अलग-अलग कार्रवाई में 628 किलो से ज्यादा पटाखे जब्त किए। इसके अलावा 3 लोगों को भी गिरफ्तार किया। दरअसल, दिल्ली में प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ सेंट्रल रेंज की क्राइम ब्रांच टीम ने कई जगहों पर छापेमारी की।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने शाहदरा के सदर बाजार और एम.एस. पार्क में छापेमारी की। वहां से कुल 423 किलो पटाखे जब्त किए गए। इसके अलावा 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई में उत्तम नगर इलाके से 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसकी दुकान से अवैध पटाखों की बड़ी खेप जब्त की गई।
कैसे पकड़े गए आरोपी
दरअसल, दिल्ली पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर दो अलग-अलग क्राइम ब्रांच की टीमों ने सदर बाजार और एम.एस. पार्क में एक साथ छापेमारी की। एक टीम ने दिल्ली के सदर बाजार स्थित फिल्मिस्तान में छापेमारी करके 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें आशुतोष मिश्रा (24) और आर्यन दुबे (20) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित पटाखों से भरे 8 भारी सफेद प्लास्टिक बैग बरामद किए, जिनमें कुल 148 किलो अवैध पटाखे पाए गए।
वहीं, दूसरी टीम ने अशोक नगर मार्केट के एम.एस. पार्क में छापेमारी करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान राकेश (52) के रूप में की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित पटाखों से भरे कार्टन बैग जब्त किए, जिनमें 275 किलो अवैध पटाखे पाए गए। पुलिस ने इन सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरे इलाकों में भी छापेमारी
वहीं, दूसरी कार्रवाई में दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में पुलिस ने छापेमारी की। इस छापेमारी में 205.80 किलो अवैध पटाखे जब्त किए गए। इसके अलावा एक आरोपी राजेंद्र कुमार कुमार (64) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के दुकान की तलाशी ली, जहां पर भारी मात्रा में अवैध पटाखों की खेप मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
