Delhi Weather-Pollution: दिल्ली में नवंबर की ठंड ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड, AQI में भी थोड़ा सुधार

Delhi-NCR Air Pollution, Delhi Pollution
X

दिल्ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार।

Delhi Weather-Pollution Update: राजधानी दिल्ली में इस साल नवंबर की रातें पिछले सालों में सबसे ज्यादा ठंडी रहीं। वहीं, दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिला है।

Delhi Weather-Pollution Update: दिल्ली-एनसीआर में ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। दिन में तेज धूप के बावजूद ठंडी हवाएं दिल्लीवासियों को ठंड का एहसास करा रही हैं। इस साल राजधानी दिल्ली में नवंबर की ठंड ने पिछले 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले 5 सालों में इस साल नवंबर की रातें सबसे ठंडी रहीं। इस दौरान न्यूनतम औसत तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से कम है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इससे पहले साल 2020 में नवंबर के महीने में रातें इतनी ज्यादा ठंडी थीं। उस साल न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस साल दिल्ली में नवंबर के महीने में बारिश भी नहीं हुई, लेकिन फिर भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।

पिछले सालों में कैसा था हाल?

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, नवंबर 2024 में औसत न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले साल 2023 के नवंबर में यह तापमान 12 डिग्री सेल्सियस, 2022 में 12.3 डिग्री सेल्सियस और 2021 में 11.9 डिग्री सेल्सियस था। दिल्ली में नवंबर के महीने में औसत अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस तक रहा, जो सामान्य से कम है।

वहीं, इस साल नवंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया, जबकि साल 2024 में यह तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस और 2023 में 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।

एक्यूआई में थोड़ा सुधार

दिल्ली में बढ़ती ठंड और तेज हवाओं के साथ ही वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 269 पर आ गया, जो कि खराब कैटेगरी में आता है। इससे पहले शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 305 दर्ज किया गया था, जो कि बहुत खराब कैटेगरी में आता है। इससे पता चलता है कि सिर्फ 1 ही दिन में राजधानी की एयर क्वालिटी में काफी सुधार हुआ है। हालांकि इसके बावजूद कई इलाकों में धुंध की परत छाई हुई है।

कहां कितना एक्यूआई?

रविवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में धुंध दिखाई दी। हालांकि एक्यूआई में सुधार दर्ज हुआ। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को शादीपुर में सबसे खराब एक्यूआई 335 दर्ज किया गया। इसके अलावा जहांगीरपुरी में एक्यूआई 324, नेहरू नगर में 319, आरके पुरम 307 और दिलशाद गार्डन एरिया में 303 दर्ज किया गया। ये सभी इलाके बहुत खराब एयर क्लाविटी की कैटेगरी में आते हैं। वहीं, मंदिर मार्ग में सबसे कम एक्यूआई 158 दर्ज किया गया, जो मध्यम कैटेगरी में आता है।

इसके अलावा बवाना में एक्यूआई 295, सिरीफोर्ट में 293, रोहिणी में 291, विवेक विहार में 289, डीटीयू में 285, बुराड़ी क्रॉसिंग में 283, मुंडका में 283, डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 282, द्वारका सेक्टर-8 में 281, चांदनी चौक में 281, पटपड़गंज में 280, वजीरपुर में 281, आनंद विहार में 281, सोनिया विहार में 277, नरेला में 276, अशोक विहार में 275, आईटीओ में 269, जेएलएन स्टेडियम में 269, पंजाबी बाग में 265, पूसा में 263 और एसआरआरआई मथुरा रोड पर 262 दर्ज किया गया।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story