Delhi District: दिल्ली में नई जिलावार व्यवस्था होगी लागू, अब 11 नहीं बल्कि ये होंगे 13 नए जिले

CM Rekha Gupta decision for Delhi New District
X

दिल्ली के जिलों की संख्या बढ़ाकर 13 करने का प्रस्ताव। 

Delhi District: दिल्ली में अब 11 नहीं बल्कि 13 जिले होंगे। दिल्ली कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव पर एलजी की मुहर लगते ही दिल्ली में नई जिलावार व्यवस्था लागू हो जाएगी।

Delhi District: दिल्ली में प्रशासनिक व्यवस्था को आसान और जनता के अनुकूल बनाने के लिए सरकार एक बड़ा पुनर्गठन करने जा रही है। इस बदलाव के तहत दिल्ली में मौजूदा 11 राजस्व जिलों को बढ़ाकर 13 किया जाएगा। साथ ही सब डिवीजन की संख्या 33 से बढ़ाकर 39 की जाएगी। इस बारे में दिल्ली सरकार का कहना है कि इस नए बदलाव से जनता को तेज सेवा मिलेगी। साथ ही सरकारी दफ्तरों के चक्कर काफी कम हो जाएंगे।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली कैबिनेट की तरफ से इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जा चुकी है। अब इस प्रस्ताव को एलजी वीके सक्सेना के पास भेजा जाएगा। वहां से मुहर लगते ही दिल्ली में नई जिलावार व्यवस्था लागू हो जाएगी। सरकार की योजना है कि प्रत्येक जिले में एक मिनी सचिवालय बनाया जाएगा। यहां कानून-व्यवस्था को छोड़कर बाकी सभी विभागों से जुड़े काम एक ही परिसर में पूरे हो सकेंगे। इससे आम लोग एक ही दफ्तर में सारे काम करा सकेंगे।

नगर निगम के 11 जोन को आधार बनाकर जिलों की नई सीमाएं प्रस्तावित की गई हैं। इस दौरान सदर जोन का नाम बदलकर पुरानी दिल्ली जिला रखा जाएगा। इसके अलावा यमुना पार इलाके में पूर्वी और उत्तर–पूर्वी जिलों को समाप्त कर दिया जाएगा। इसकी जगह पर दो नए जिले शाहदरा उत्तर और शाहदरा दक्षिण बनाए जाएंगे। उत्तरी जिले को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। ये सिविल लाइंस और पुरानी दिल्ली में होगा। दक्षिण-पश्चिम जिला एक बड़ा जिला है। इसका एक बड़ा हिस्सा नए नजफगढ़ जिले में शामिल किया जाएगा।

नए जिलों की प्रस्तावित सूची

  • पुरानी दिल्ली- सदर बाजार, चांदनी चौक
  • मध्य दिल्ली- डिफेंस कॉलोनी, कालकाजी
  • नई दिल्ली- नई दिल्ली, दिल्ली कैंट
  • सिविल लाइंस- अलीपुर, आदर्श नगर, बादली
  • करोल बाग- मोती नगर, करोल बाग
  • केशव पुरम- शालीमार बाग, शकूर बस्ती, मॉडल टाउन
  • नरेला- नरेला, मुंडका, बवाना
  • नजफगढ़- द्वारका, बिजवासन–वसंत विहार, कापसहेड़ा, नजफगढ़
  • रोहिणी- रोहिणी, मंगोलपुरी, किराड़ी
  • शाहदरा दक्षिण- गांधी नगर, विश्वास नगर, कोंडली
  • शाहदरा उत्तर- करावल नगर, सीमापुरी, सीलमपुर, शाहदरा
  • दक्षिण जिला- महरौली, मालवीय नगर, देवली, आरके पुरम
  • पश्चिम जिला- विकासपुरी, जनकपुरी, मादीपुर
WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story