Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली बड़ी राहत

दिल्ली में बारिश।
Delhi Rain: दिल्ली-एनसीआर में मानसून की विदाई के बाद कई दिन तक सूरज के गर्म तेवर देखने को मिले। तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना हराम कर दिया था। हालांकि मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी राहत मिली। अचानक मौसम बदला और झमाझम बारिश हुई। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद सहित अन्य इलाकों में काले बादल छाए हुए हैं। कभी तेज, तो कभी धीमी बारिश का दौर जारी है।
बता दें कि ठंडी हवाओं से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। सुबह आसमान में काले बादल के बाद तेज बारिश लोगों को भा गई। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते कुछ दिनों से गर्मी के कारण लोगों का हाल-बेहाल है। सितंबर के अंत में मौसम ठंडा होने की जगह मई और जून वाली गर्मी महसूस करा रहा था। इस बीच बारिश होने से लोगों को राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने भी लोगों को राहत वाली खबर दी है।
बता दें कि 29 सितंबर को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। रविवार बीते दो सालों में सितंबर के ये सबसे गर्म दिन रहे।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि मंगलवार और बुधवार यानी 30 सितंबर और एक अक्टूबर को हल्की बारिश के साथ तापमान में खासी गिरावट के आसार हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के साथ ही गाजियाबाद और नोएडा में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश के लिए येलो अलर्ट है। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
