Delhi Pollution: दिल्ली की हवा खराब...आनंद विहार में 400 पार AQI, देखें नोएडा-गाजियाबाद का हाल

दिल्ली के प्रदूषण में मामूली सुधार।
Delhi Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को हवा की स्थिति में थोड़ा सुधार देखा गया। हालांकि अब भी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का ओवरऑल एक्यूआई यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स 292 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, कई इलाकों में एक्यूआई खराब कैटेगरी में दर्ज हुआ।
दिल्ली के आनंद विहार और अक्षरधाम मंदिर के आसपास सबसे ज्यादा एक्यूआई 403 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' कैटेगरी में आता है। यह स्थिति इन इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए हानिकारक है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए ज्यादा खतरा है।
अन्य इलाकों में कितना एक्यूआई?
सीपीसीबी ने शुक्रवार सुबह दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में एक्यूआई के आंकड़े जारी किए हैं। इसके अनुसार, इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में एक्यूआई 254 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। इसके अलावा धौलाकुआं में एक्यूआई 257, आईटीओ में एक्यूआई 316, एम्स के आसपास 295 दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में हवा की स्थिति खराब या बहुत खराब श्रेणी में है।
इलाके - एक्यूआई
- आनंद विहार- 403
- अक्षरधाम - 403
- इंडिया गेट - 254
- धौला कुआं - 257
- एम्स - 295
- आईटीओ - 316
- जहांगीरपुरी - 348
- अशोक विहार - 320
- बुराड़ी - 334
- आरके पुरम - 316
- पटपड़गंज - 323
- बवाना - 347
सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि सोमवार यानी 27 अक्टूबर तक दिल्ली में हवा की स्थिति बेहद खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। इसकी वजह से सांस से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा लोगों को आंखों में जलन की समस्या भी देखने को मिल सकती है। दिल्ली में प्रदूषण की रोकथाम के लिए पहले से ही ग्रेडेड एक्शन रिस्पॉन्स स्टेज-2 लागू किया गया है।
एनसीआर में क्या हालात?
दिल्ली के अलावा एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शुक्रवार को गाजियाबाद के संजय नगर में 208, नोएडा सेक्टर-1 में 256 और सेक्टर-125 में 239 एक्यूआई दर्ज किया गया है। वहीं, ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 280 दर्ज हुआ। नोएडा और ग्रेटर नोएडा रेड जोन से ऑरेंज जोन में आ गए हैं। पिछले दिन दोनों शहरों में हवा की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
