Delhi Zoo: पर्यटकों के लिए खुशखबरी...इस दिन खुलेगा चिड़ियाघर, CCTV से होगी निगरानी

National Zoological Park
X

दिल्ली चिड़ियाघर।

Delhi Zoo: दिल्ली का चिड़ियाघर एक बार फिर दर्शकों के लिए खुलने जा रहा है। चिड़ियाघर प्रशासन ने इसको लेकर जानकारी दी है। जानें क्या है अपडेट...

Delhi Zoo Opening Date: राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) जल्द ही फिर से विजिटर्स के लिए खुलने जा रहा है। चिड़ियाघर प्रशासन ने पुष्टि की है कि फिलहाल नेशनल जू में एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस एक्टिव नहीं है। दरअसल, बर्ड फ्लू वायरस के प्रकोप की वजह से 30 अगस्त को चिड़ियाघर को बंद कर दिया गया था। दिल्ली चिड़ियाघर, जहां पर रोजाना पर्यटकों को भारी भीड़ होती थी, वह पिछले करीब डेढ़ महीने से बंद पड़ा है। हालांकि अब चिड़ियाघर के खुलने की तारीख सामने आ गई है।

राष्ट्रीय प्राणी उद्यान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सावधानी के तौर पर सभी बायो-सिक्योरिटी और निगरानी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। चिड़ियाघर को सुरक्षित और रोग-मुक्त बनाए रखने के लिए अगले 15-15 दिनों में दो अतिरिक्त सैंपल लिए जाएंगे। एवियन इन्फ्लूएंजा (एच5एन8) की जांच के लिए लिए गए इन सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर 30 अक्टूबर के बाद चिड़ियाघर को आम जनता के लिए खोलने का फैसला लिया जाएगा।

सीसीटीवी से हो रही निगरानी

दिल्ली चिड़ियाघर परिसर में बीमारी को फैलने से रोकने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। चिड़ियाघर परिसर में सभी वन्य जीवों पर सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा स्टाफ के लिए मास्क, दस्ताने और सुरक्षात्मक सूट उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही नियमित रूप से दवा का छिड़काव और साफ-सफाई की जा रही है।

चिड़ियाघर प्रशासन का कहना है कि पशुओं की सेहत के साथ ही विजिटर्स और कर्मचारियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। ऐसे में थोड़े इंतजार के बाद दिल्ली का चिड़ियाघर फिर से खुलने जा रहा है। इसके बाद लोग एक बार चिड़ियाघर की सैर कर सकेंगे।

क्यों बंद हुआ था चिड़ियाघर?

बता दें कि बीते महीनों में दिल्ली चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू वायरस फैल गया था। इस वायरस की वजह से करीह 12 पक्षियों की मौत हो गई थी। इससे चिड़ियाघर प्रशासन में हड़कंप मच गया था। जानवरों और विजिटर्स की सुरक्षा के मद्देनजर चिड़ियाघर को बंद कर दिया गया था। हालांकि अब चिड़ियाघर में स्थिति सामान्य हो गई है। ऐसे में चिड़ियाघर को फिर से दर्शकों के लिए खोलने पर विचार किया जा रहा है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story