Delhi Metro: कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे कराएगी DMRC, सुधार के लिए दें सुझाव

Delhi Metro: 15 जुलाई से एक बार फिर दिल्ली मेट्रो कस्टमर सेटिस्फेक्शन सर्वे यानी यात्री संतुष्टि सर्वे करने जा रही है। ये सर्वे एक महीने तक यानी 15 जुलाई से 14 अगस्त तक चलेगा। इसकी मदद से यात्रियों से उनकी मेट्रो यात्रा से संबंधित कुछ सवालों के जवाब मांगे जाएंगे। बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मेट्रो सेवाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर यात्रियों से फीडबैक मांगा है। इसके लिए DMRC ने 15 जुलाई से 14 अगस्त तक अपना 11वां ऑनलाइन ग्राहक संतुष्टि सर्वे आयोजित कराने का फैसला लिया है।
DMRC ने दी जानकारी
बता दें कि DMRC ने रविवार को एक बयान जारी किया। इस बयान में कहा गया कि दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक ऑनलाइन सर्वे आयोजित किया जा रहा है, जो एक महीने तक चलेगा। इस सर्वे का मकसद मेट्रो सेवा के अनुभव के प्रमुख पहलुओं के बारे में राय लेना है। इस सर्वे के तहत मेट्रो की उपलब्धता, यात्री सुविधाएं, सूचना प्रणाली, ग्राहक सेवा, सेवा की गुणवत्ता, सुरक्षा और आराम के बारे में यात्रियों से उनकी राय जानना है। इस सर्वे में यात्री दिल्ली मेट्रो में किसी भी तरह के सुधार के लिए सुझाव भी दे सकते हैं।
कैसे ले सकते हैं भाग?
अगर आप भी इस सर्वे में भाग लेना चाहते हैं, तो DMRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसमें भाग ले सकते हैं। होमपेज पर सर्वे फॉर्म का लिंक मिल जाएगा। इच्छुक यात्रियों के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। इसके जरिए लिंक पर क्लिक करके अपनी राय देने के लिए फॉर्म भर सकते हैं। इस सर्वे में 7 विषय शामिल किए गए हैं, जिस पर प्रतिक्रिया मांगी गई है।
- उपलब्धता और पहुंच
- ग्राहकों को दी जाने वाली सुविधाएं
- जानकारी
- सेवाओं की गुणवत्ता
- ग्राहक सेवाएं
- मेट्रो क्षेत्र के बाहर
- सुरक्षा, संरक्षा और आराम
किए जा सकते हैं बदलाव
बता दें कि डीएमआरसी की तरफ से ये सर्वेक्षण फॉर्म ये जानने के लिए आयोजित किया जा रहा है कि दिल्ली मेट्रो में मिल रही सुविधा, सुरक्षा और जरूरत आदि के बारे में वे क्या सोचते हैं। 14 अगस्त को ये सर्वेक्षण बंद हो जाएगा। इसके बाद यात्रियों की तरफ से मिले सुझावों के आधार पर मेट्रो सुविधाओं और सेवाओं का आकलन किया जाएगा। अगर डीएमआरसी को यात्रियों की सहूलियत के लिए कुछ बदलाव करने की जरूरत पड़ेगी, तो वो भी किए जाएंगे।
