Delhi MCD Order: दिल्ली में अब वीकेंड पर भी काम करेंगे एमसीडी के कर्मचारी, क्या है वजह?

दिल्ली में वीकेंड पर भी काम करेंगे MCD के कर्मचारी।
Delhi MCD Order: दिल्ली नगर निगम ने शहर में मच्छरों की रोकथाम के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब दिल्ली नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को भी काम करेंगे। हालांकि ये आदेश सिर्फ उन कर्मचारियों के लिए है, जो वेक्टर जनित रोगों के नियंत्रण के लिए जिम्मेदार हैं। दरअसल, इन दिनों दिल्ली में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसके चलते कई जगहों में जलभराव की भी स्थिति हो जाती है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
दिल्ली में सितंबर महीने की शुरुआत से बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है। ऐसे में नगर निगम मच्छरों की रोकथाम करके बीमारियों के खतरे को कम करने की कोशिश कर रहा है। आदेश के अनुसार, इनमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी, महामारी विज्ञानी, कीट विज्ञानी और सहायक चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।
एमसीडी ने आदेश में क्या कहा?
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि मच्छर जनित रोगों के नियंत्रण के लिए जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी शनिवार और रविवार के दिन भी ड्यूटी करेंगे। एमसीडी ने अपने आदेश में कहा कि इन कर्मियों को अगले महीने कंपनसेटरी लीव दिया जाएगा। इसका मतलब है कि अधिकारी और कर्मचारी जितने दिन ज्यादा काम करेंगे, उसके बदले में उन्हें अगले महीने छुट्टियां दे दी जाएंगी।
31 सितंबर तक लागू होगा आदेश
दिल्ली नगर निगम ने बताया कि यह आदेश सिर्फ सितंबर महीने में लागू होगा। अगले महीने यानी 1 नवंबर से पहले की तरह सभी अधिकारी और कर्मचारी काम करेंगे। एमसीडी ने अपने आदेश में कहा कि इस साल भारी और लगातार बारिश की वजह से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
शहर में लगातार बारिश होने की वजह से मच्छरों का प्रजनन बढ़ रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में नगर निगम ने अपने कर्मचारियों और अधिकारियों को हफ्ते के सभी दिन काम करने का आदेश दिया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
