Delhi Ka Mausam: दिल्ली में 49 डिग्री तक महसूस हुआ तापमान, जुलाई में अब तक सिर्फ 3.8mm बारिश, देखें अपडेट

दिल्ली मौसम अपडेट।
Delhi Ka Mausam: देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी का तांडव देखने को मिल रहा है। बीते गुरुवार को दिल्ली में लोगों को उमस से जूझना पड़ा। इस दौरान दोपहर 2:30 बजे फील लाइक यानी कि महसूस होने वाला तापमान 49 डिग्री में करीब पहुंच गया। जबकि थर्मामीटर पर दिन के समय अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से कम है।
वहीं, मौसम में नमी की मात्रा 59 से 89 फीसदी के बीच रही। इसकी वजह से उमस ज्यादा बढ़ गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग की मानें, तो आज यानी शुक्रवार को इस तरह का मौसम।रहने वाला है।
आज कैसा रहेगा मौसम?
शुक्रवार की सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में बादल छाए हुए हैं, जिससे बारिश होने के आसार हैं। हालांकि मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। वहीं, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच लोधी रोड और पालम मौसम केंद्रों पर केवल मामूली बारिश दर्ज की गई। जबकि सफदरजंग स्थित दिल्ली के मौसम स्टेशन ने कोई बारिश दर्ज नहीं की।
जुलाई में अभी तक कितनी बारिश हुई?
दिल्ली में 29 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एंट्री की थी, जो कि सामान्य से 2 दिन लेट था। मानसून की शुरुआत के बाद से 24 घंटों में, सफदरजंग वेधशाला में 14 mm बारिश दर्ज की गई। इसके बाद से ट्रफ दिल्ली के उत्तर में चला गया और वर्तमान में राजधानी के दक्षिण में है। वहीं, जुलाई में शुरुआत के 3 दिनों में सिर्फ 3.8 mm बारिश दर्ज की गई है। बता दें कि दिल्ली में जुलाई महीने में बारिश 209.7 mm होती है।
दिल्ली की हवा में अच्छा सुधार
बीते कुछ दिनों में दिल्ली की हवा में काफी सुधार हुआ है। शुक्रवार सुबह दिल्ली में AQI 80 दर्ज किया गया,जो कि मध्यम श्रेणी में आता है। इससे सामान्य लोगों को कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है। वहीं, बीते गुरुवार को दिल्ली में औसत AQI 72 दर्ज हुआ था, जो संतोषजनक की श्रेणी में आता है।
