Delhi News: दिल्ली में छत से गिरीं 2 सहेलियां, एक की मौत, दूसरी घायल

छत से गिरी लड़कियां, एक की मौत।
Delhi News: दिल्ली के हौज काजी इलाके में दो सहेलियां छत पर टहल रही थीं और अचानक तीन मंजिला मकान की छत से नीचे गिर गईं। हादसे में 21 वर्षीय लड़की सुनीता की मौत हो गई, वहीं 19 वर्षीय त्रिप्ती उर्फ गुनगुन गंभीर रूप से घायल हो गई। वो फिलहाल गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को रात लगभग 10 बजे सूचना मिली कि दो लड़कियों ने छत से छलांग लगा दी है। काजी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक लड़की पड़ी हुई थी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरी लड़की को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जांच में सामने आया कि दोनों पड़ोसी थीं और रोजाना रात के खाने के बाद छत पर टहलने जाती थीं।
त्रिप्ती के भाई ने बताया कि उसने थोड़ी देर पहले ही बहन को नीचे आने के लिए कहा था, क्योंकि ज्यादा रात हो चुकी थी, लेकिन वो नहीं आई और थोड़ी देर में अचानक तेज आवाज आई। बाहर जाकर देखा, तो सुनीता नीचे पड़ी हुई थी। त्रिप्ती भी उसके पास में ही पड़ी थी। त्रिप्ती थोड़ा हिल डुल रही थी, इसलिए उसे जल्दी से अस्पताल ले जाया गया।
परिवार के एक लड़के ने कहा कि शायद सुनीता का पैर फिसल गया और त्रिप्ती उसे बचाने के चक्कर में गिर गई। पुलिस भी फिलहाल इसे ऊंचाई से गिरने का हादसा मान रही है, लेकिन पुलिस की तरफ से हर पहलू से जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुनीता का विवाह फरवरी 2025 में हुआ था। वो पिछले कुछ महीनों से मायके में रह रही थी, जहां उसका लकवा (पैरालिसिस) का इलाज चल रहा था। पुलिस का कहना है कि अभी किसी तरह की साजिश, उत्पीड़न या आत्महत्या का संकेत नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि यह प्राथमिक रूप से एक दुखद हादसा लगता है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और त्रिप्ती के बयान के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।
