Delhi Police: दिल्ली से गुरुग्राम शराब खरीदने आया युवक, ठेके पर कर्मचारी को पीटा, आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम में ठेके के कर्मचारी को पीटने वाला आरोपी गिरफ्तार
Delhi Police: 28 जनवरी 2026 की रात गुरुग्राम के बजघेड़ा इलाके में शराब के ठेके पर एक बड़ा विवाद हो गया। दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके द्वारका से तीन युवक कार से यहां पहुंचे थे। वे एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के बाद वहां शराब कम पड़ गई थी। इसलिए वे गुरुग्राम से सस्ती शराब खरीदने आए थे। ठेके पर पहुंचकर युवकों ने बीयर और अन्य शराब खरीदने की कोशिश की।
वे बल्क में सामान खरीद रहे थे, इसलिए डिस्काउंट की मांग की। ठेके के कर्मचारियों ने डिस्काउंट देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर युवकों ने कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी। बहस इतनी बढ़ गई कि एक युवक ने खुद को ठेकेदार बताकर गाली-गलौज की और कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान एक आरोपी ने अपनी कार से पिस्टल जैसी चीज निकाली और ठेके के कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। यह पिस्टल बाद में नकली निकली, जो एक पिस्टल नुमा लाइटर थी। हमले के बाद आरोपियों ने पूरी पेमेंट की और धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद ठेके के कर्मचारियों ने पुलिस को इस घटना की शिकायत दी।
पुलिस की कार्रवाई
इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बजघेड़ा थाने की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दिल्ली में छापेमारी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान हर्षंद और अक्षित के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के रहने वाले हैं। इसके साथ ही पुलिस ने उनकी कार और नकली पिस्टल को भी बरामद कर लिया है। इसके अलावा तीसरा साथी अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
