Delhi Govt: दिल्ली में बेघरों को ठंड से बचाने की तैयारी, जानें सरकार का विंटर एक्शन प्लान

Delhi Govt Winter Action Plan
X

दिल्ली सरकार का विंटर एक्शन प्लान।

Delhi Govt Winter Action Plan: दिल्ली सरकार ने भयानक ठंड से निपटने के लिए विंटर एक्शन प्लान तैयार किया है। इसे 15 नवंबर से एक्टिव कर दिया जाएगा। जानें क्या है सरकार की तैयारी...

Delhi Govt Winter Action Plan: नवंबर की शुरुआत से राजधानी में तापमान गिरना शुरू हो गया है। दिल्ली में शनिवार सुबह भी पारा कम रहा और ठंडी हवाएं चलीं। इस दौरान न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस मौसम के सामान्य औसत तापमान से 3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने इस साल ज्यादा ठंड पड़ने की चेतावनी दी है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने ठंड से निपटने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने विंटर एक्शन प्लान तैयार किया है। इस प्लान के तहत कमजोर वर्ग के उन लोगों को ठंड से बचाया जाएगा, जिनके पास स्थायी आवास नहीं है। इस एक्शन प्लान को मौसम के अनुसार एक्टिव किया जाएगा। आईएमडी का अनुमान है कि राजधानी दिल्ली समेत उत्तरी भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान 2-5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर सकता है।

क्या है विंटर एक्शन प्लान?

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने कमजोर वर्ग के लोगों को इस कपकपाने वाली ठंड से बचाने के लिए विंटर एक्शन प्लान बनाया है। यह एक्शन प्लान 15 नवंबर से शुरू हो जाएगा। सीएम रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।

सीएम रेखा ने लिखा कि इसके तहत 250 नए अस्थायी शेल्टर होम तैयार किए जा रहे हैं। ये शेल्टर दिल्ली में 197 स्थायी शेल्टर से अलग बनाए जा रहे हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार ठंड के मौसम में इस पहल के माध्यम से हर जरूरतमंद को सुरक्षित आश्रय और गरिमा के साथ रहने की सुविधा सुनिश्चित करेगी। साथ ही, सभी शेल्टर होम्स की 24 घंटे ऑनलाइन मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है, जिससे सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

वर्तमान में कुल 197 स्थायी शेल्टर

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली में कुल 197 शेल्टर होम संचालित हैं। दिल्ली सरकार ने सर्दी के मौसम में जरूरतमंद नागरिकों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने की दिशा में बड़ा और प्रभावी कदम उठाया है। नियमित शेल्टरों के अलावा 250 अतिरिक्त शेल्टर होम तैयार किए गए हैं।

उन्होंने आगे लिखा कि इस बार शेल्टर होम्स में आधुनिक तकनीक का उपयोग भी किया जा रहा है, जिससे सुविधाओं की सतत निगरानी हो सके और सभी केंद्र सुचारू व प्रभावी रूप से संचालित हों।

सीएम ने बताया कि ये अतिरिक्त शेल्टर होम 15 नवंबर से 15 मार्च तक दिल्ली के 120 स्थानों पर संचालित रहेंगे, जिनमें लगभग 2,500 लोगों के ठहरने की क्षमता होगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर शेल्टर होम की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।

सभी सरकारी विभाग मिलकर करेंगे काम

दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि विंटर एक्शन प्लान के लिए सभी सरकारी विभाग मिलकर काम करेंगे। अधिकारी ने बताया कि जमीनी स्तर पर काम करने के लिए शहरी स्थानीय निकाय जैसे दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड ( डूसिब) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की अहम भूमिका है।

इन विभागों को तत्काल वितरण के लिए कंबल, भोजन और गर्म कपड़े जैसी आपातकालीन आपूर्ति के लिए स्टॉक रखने का निर्देश दिया गया है। सरकारी एजेंसियां मौजूदा शेल्टरों के विस्तार और मरम्मत करने में जुट गई हैं। इसके अलावा सार्वजनिक भवनों और बसों को इन्सुलेट भी किया जाएगा। प्रमुख सड़कों पर फॉग लाइट्स (कोहरे की रोशनी) भी लगाई जाएंगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग को हाइपोथर्मिया, फ्रॉस्टबाइट और सांस की तकलीफ के इलाज के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं तैयार करने का निर्देश भी दिया गया है। अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठंड से संबंधित मामलों के लिए बिस्तर अलग रखेंगे। साथ ही आवश्यक दवाएं स्टॉक करने, रैपिड रिस्पांस टीमें बनाने और कमजोर क्षेत्रों में एम्बुलेंस कवरेज सुनिश्चित करने पर काम किया जा रहा है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story