Delhi Government: दिल्ली में 24 घंटे खुली रहेंगे दिल्ली के बाजार, महिलाओं के लिए नाइट शिफ्ट की भी मंजूरी

Delhi LG VK Saxena and CM Rekha Gupta
X

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और सीएम रेखा गुप्ता।

Delhi Government: दिल्ली सरकार ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को एक प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव में बाजारों को 24 घंटे खोलने की महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने की अनुमति देने की मांग की गई थी। एलजी ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है।

Delhi Government: दिल्ली सरकार 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के तहत सुधार कर रही है। इसके लिए हाल ही में सीएम रेखा गुप्ता के जरिए श्रम विभाग ने एक प्रस्ताव को मंजूरी के लिए उपराज्यपाल वीके सक्सेना के पास भेजा था। ये प्रस्ताव था कि दिल्ली की बाजारों को 24 घंटे खोले जाने की अनुमति मिले। साथ ही महिलाओं को भी नाइट शिफ्ट में काम करने की आजादी हो।

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दिल्ली सरकार के इस कदम को 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के तहत एक बड़ा सुधार माना जा रहा है। महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने और बाजारों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर कड़े निर्देश तय कर दिए गए हैं।

रात में काम करने के लिए महिलाओं की सहमति अनिवार्य

सरकार ने साफ कर दिया है कि कोई भी महिला कंपनी की जबरदस्ती से नाइट शिफ्ट में काम नहीं करेगी। नाइट शिफ्ट में काम करने के लिए महिलाओं की सहमति अनिवार्य होगी। सरकार का कहना है कि जो कंपनियां नाइट शिफ्ट में महिलाओं से काम कराएंगी उन्हें यौन उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम, 2013 का सख्ती से पालन करना होगा। इसके तहत वर्क प्लेस पर कैमरे लगे होने चाहिए और आंतरिक शिकायत समिति समेत कई सुविधाएं होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने रेखांकित किया कि महिला वर्कफोर्स की सेफ्टी और सिक्योरिटी को सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता और सावधानी बरतना जरूरी है। इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।

उपराज्यपाल ने की सराहना

बता दें कि दिल्ली सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में दिल्ली शॉप्स एंड एस्टेब्लिशमेंट एक्ट, 1954 की धारा 14, 15 और 16 के तहत महिलाओं को नाइट शिफ्ट में काम करने की छूट देने का प्रस्ताव था। सीएम रेखा गुप्ता की अगुवाई में दिल्ली सरकार के इस कदम के लिए उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सराहना की। उन्होंने सीएम को सलाह दी है कि इस कदम के लिए व्यापक प्रचार प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि इस निर्णय के प्रति जनता जागरूक हो सके। रात के समय सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को और मजबूत किया जाए। साथ ही श्रम विभाग को भी व्यापारियों और दुकानदारों के साथ बातचीत कर इस बारे में जागरूक करना चाहिए।

कई मायनों में अहम हो सकता है सरकार का ये निर्णय

अगर सरकार के इस फैसले के पीछे का फायदा देखें, तो ये नियम कई मायनों में अहम साबित हो सकते हैं। इससे दिल्ली के राजस्व और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही महिलाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे और कार्य क्षेत्र में उनका विश्वास बढ़ सकता है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली का व्यापारी वर्ग काफी समय से दिल्ली के बाजारों को 24 घंटे खोलने की मांग करता रहा है। देश के कई राज्यों में पहले से ही इसके लिए विशेष प्रावधान हैं।

सरकार को इन चुनौतियों का करना पड़ सकता है सामना

इस नियम को लागू करने के बाद दिल्ली सरकार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसमें सबसे बड़ी चुनौती रात के समय लोगों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था करना। बाजारों में होने वाले अपराधों को रोक पाना। रात में काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा मुहैया कराना और परिवहन सुविधाओं को सुचारू रूप से चला पाना।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story