Diwali 2025: इस बार अनोखी होगी दिल्ली वाली दिवाली, 2 लाख दीयों से रोशन होगा कर्तव्यपथ

कर्तव्य पथ पर जलाए जाएंगे 2 लाख दीये।
Diwali 2025: दिल्ली में इस बार की दिवाली बेहद खास होने वाली है। दिल्ली सरकार बेहद खास और भव्य तरीके से दिवाली मनाने की तैयारी कर रही है। दिल्ली सरकार की तरफ से ऐलान किया गया है कि इस बार दिल्ली में 18 और 19 अक्टूबर को कर्तव्य पथ को दो लाख दीयों से रोशन किया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम में रामायण पर आधारित ड्रोन शो और लेजर प्रोजेक्शन भी आयोजित किया जाएगा।
एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 18 अक्टूबर को कर्तव्य पथ को दो लाख दीयों से सजाया जाएगा। इसके बाद 19 अक्टूबर को भी 2 लाख दीयों से इसको रोशन किया जाएगा। इस अवसर पर रामायण की थीम पर एक लेजर और ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।
कहा जा रहा है कि इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और उनकी कैबिनेट के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं संभावना है कि बीजेपी के सांसद भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सभी व्यवस्थाएं सही ढंग से सुनिश्चित करें।
इसके बाद अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साल इस साल के दिवाली उत्सव का फोकस सांस्कृतिक और आध्यात्मिक थीम पर रहेगा। सरकार का कहना है कि दिल्ली में बीजेपी सरकार आने के बाद सभी त्योहार बेहद धूमधाम से मनाए जाएंगे।
बता दें कि इस साल 20 अक्टूबर को पूरे देश में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। 18 अक्टूबर को धनतेरस के दिन से ही घरों और बाजारों में रौनक नजर आने लगेगी। हालांकि त्योहारों के शुरू होने से पहले ही दिल्ली की लगभग सभी बाजारों में काफी भीड़भाड़ देखने को मिल रही है।
