Delhi Day: दिल्ली को आज मिलेगी नई पहचान, लाल किले से लॉन्च होगा पहला Logo, क्या खासियत?

Delhi Foundation Day
X

दिल्ली स्थापना दिवस के मौके पर लाल किले पर भव्य समारोह होगा।

Delhi Foundation Day: 1 नवंबर को दिल्ली के लाल किले पर दिल्ली स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान दिल्ली का पहला ऑफिशियल लोगो भी लॉन्च किया जाएगा।

Delhi Foundation Day: दिल्लीवासियों के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। 1 नवंबर यानी आज दिल्ली का स्थापना दिवस है। इस अवसर पर दिल्ली को अपना पहला ऑफिशियल 'लोगो' मिलने जा रहा है। शनिवार शाम राजधानी स्थित लाल किले पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान दिल्ली का अपना 'लोगो' भी लॉन्च किया जाएगा। इससे दिल्ली को अपनी एक अलग पहचान मिलेगी। ऐसे में आज का दिन दिल्ली और दिल्लावासियों के लिए बेहद खास होने वाला है।

दिल्ली का जो लोगो लॉन्च होने जा रहा है, उसे 1800 से ज्यादा डिजाइनों में से चुना गया है। इस साल की शुरुआत में MyGovt प्लेटफॉर्म पर आयोजित राष्ट्रीय डिजाइन प्रतियोगिता में 1,800 से अधिक आवेदन आए। इसके बाद एक चयन समिति ने इनकी जांच करके शॉर्टलिस्ट किया। फिर बाद में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'लोगो' को आखिरी मंजूरी दी। कहा जा रहा है कि यह डिजाइन दिल्ली के इतिहास और नवाचार के सह-अस्तित्व को व्यक्त करता है।

पहले क्यों नहीं था 'लोगो'

बता दें कि देश के ज्यादातर राज्यों के पास लंबे समय से अपने प्रतीक चिन्ह हैं। जैसे कि बिहार का बोधि वृक्ष और उत्तराखंड की हिमालय चोटियां। हालांकि दिल्ली के पास अभी तक अपना कोई आधिकारिक 'लोगो' नहीं है। ऐसे में 1 नवंबर को दिल्ली दिवस के अवसर पर पहला ऑफिशियल 'लोगो' लॉन्च किया जाएगा। इस लोगो को दिल्ली सरकार की सभी योजनाओं, नीतियों और आधिकारिक दस्तावेजों पर इस्तेमाल किया जाएगा।

कैसा होगा लोगो का डिजाइन?

अभी तक दिल्ली के ऑफिशियल लोगो का डिजाइन सामने नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, इस 'लोगो' में दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों के साथ ही मॉडर्न प्लेस शामिल होंगे। इसमें एकता, ऊर्जा, प्रगति और स्वच्छ शासन के तत्व भी होंगे। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली का लोगो महानगरीय और गहरी जड़ों वाली पहचान प्रस्तुत करेगा। इस 'लोगो' के लॉन्च होने से सरकारी ब्रांडिंग में समानता होगी।

इससे दिल्ली सरकार के विभागों में कन्फ्यूजन नहीं होगा, क्योंकि सभी जगहों पर एक ही डिजाइन का लोगो इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा नागरिक सेवाएं और डिजिटल प्लेटफॉर्म भी आसानी से पहचाने जा सकेंगे। साथ ही टूरिज्म में सभी स्मारक, आयोजन और अभियान एक ही पहचान के तहत आएंगे।

लाल किले पर होगा भव्य समारोह

1 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित लाल किले पर भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। आज शाम लाल किले पर 9 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इनमें आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, पंजाब, हरियाणा, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश तथा चंडीगढ़, लक्षद्वीप, पुडुचेरी और अंडमान-निकोबार शामिल हैं।

शनिवार शाम 6 बजे 'मेरी दिल्ली मेरा देश' कार्यक्रम होगा। इसमें सरदार पटेल को समर्पित लाइट एंड साउंड शो होगा। इस समारोह में मशहूर सिंगर बी प्राक का लाइव कॉन्सर्ट भी होगा। लाल किले पर होने वाले इस भव्य समारोह में सभी लोगों को फ्री एंट्री है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story