Delhi Flood: दिल्लीवासियों ने 5 दिन बाद ली राहत की सांस, डेंजर मार्क के नीचे पहुंची यमुना
दिल्ली में खतरे के निशान के नीचे पहुंचा यमुना का जलस्तर।
Delhi Flood Update: दिल्ली में बाढ़ की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के नीचे आ गया है। रविवार रात 9 बजे यमुना का जलस्तर 205.33 मीटर दर्ज किया, जो कि खतरे के निशान के समानांतर है। हालांकि रात 10 बजे नदी का जलस्तर घटकर 205.32 मीटर पर आ गया, जो कि खतरे में निशान के नीचे रहा। वहीं, सोमवार सुबह 7 बजे यमुना का जलस्तर 205.22 मीटर दर्ज किया गया।
बता दें कि पिछले 5 दिनों से यमुना नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। गुरुवार को यमुना का जलस्तर 207.48 मीटर तक पहुंच गया था, जो पिछले 63 सालों में तीसरा सबसे ऊंचा जलस्तर रहा। हालांकि अब यमुना का जलस्तर घट रहा है, जिससे बाढ़ पीड़ितों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
हजारों लोगों को छोड़ना पड़ा घर
पिछले हफ्ते यमुना नदी के उफान पर होने की वजह से यमुना बाजार, मयूर विहार, मोनेस्ट्री मार्केट, उस्मानपुर, कश्मीरी गेट आईएसबीटी, सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में पानी भर गया था। इसकी वजह से यमुना किनारे बसे लगभग 10 हजार से ज्यादा लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। इसके लिए प्रशासन ने सारी तैयारियां की थीं। बाढ़ के इलाकों से निकाले गए लोगों को राहत शिविरों में रखा गया, जो कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, मोरी गेट के पास और मयूर विहार समेत कई जगहों पर लगाए गए हैं।
#WATCH | Yamuna River falls below danger mark in Delhi. Visuals from the Mayur Vihar area
— ANI (@ANI) September 8, 2025
(Drone visuals shot at 6.35 am) pic.twitter.com/bICVuqnP4m
पुराने रेलवे पुल पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू
यमुना के जलस्तर में लगातार गिरावट देखी जा रही है। ऐसे में पुराने रेलवे पुल पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। दरअसल, पिछले हफ्ते यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से काफी ज्यादा ऊपर चला गया था, जिसकी वजह से लोहा पुल पर ट्रेनों के आने जाने पर रोक लगा दिया गया था। हालांकि अब फिर से ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
हथिनीकुंड बैराज से कम पानी छोड़ा जा रहा
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से कम पानी छोड़े जाने की वजह से यमुना नदी के जलस्तर में गिरावट हो रही है। सेंट्रल वाटर कमीशन के अनुसार, इस समय हथिनीकुंड बैराज से लगभग 40 हजार क्यूसेक पानी हर घंटे छोड़ा जा रहा है।
अभी भी खतरा बरकरार
यमुना नदी का जलस्तर कम होने से दिल्ली के लोगों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन खतरा अभी भी बरकरार है। ज्यादातर इलाकों में कई दिनों से बाढ़ का पानी जमा हुआ है। हालांकि अब उन जगहों से पानी हटने लगा है, लेकिन वहां पर बीमारियों का खतरा काफी ज्यादा बढ़ गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
