Delhi Flood Alert: दिल्ली में गहराई बाढ़ की आशंका! चेतावनी स्तर के पार यमुना का जलस्तर

Delhi Flood Alert
X

दिल्ली में बाढ़ का खतरा बढ़ा।

Delhi Flood: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार करके 204.88 मीटर तक पहुंच गया है। अगले 48 घंटे में यमुना का जलस्तर और भी ज्यादा बढ़ने की संभावना है। देखें रिपोर्ट...

Delhi Flood Alert: राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के पार पहुंच गया है। इससे दिल्लीवासियों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से यमुना नदी उफान पर है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार को पुराने रेलवे पुल पर 204.88 मीटर तक पहुंच गया, जो 204.50 मीटर के चेतावनी स्तर से अधिक है। इसका मतलब है कि यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 0.38 मीटर ऊपर तक पहुंच गया है। इसके कारण अधिकारियों ने बाढ़ जैसी संभावित स्थिति से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाने हेतु सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि हरियाणा स्थित हथिनी कुंड बैराज से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। अगले 48 घंटों में यमुना का जलस्तर और ज्यादा बढ़ सकता है।

हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह 4 बजे से 8 बजे के बीच हर घंटे 50,000 क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया। इसके बाद पानी 40,000 क्यूसेक से ऊपर बहता रहा। अधिकारियों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में बैराज से अब तक का यह सबसे ज्यादा छोड़ा गया पानी है। पिछले 24 घंटे के अंदर यमुना का जलस्तर 0.50 मीटर से ज्यादा बढ़ा है, जो अगले 48 घंटे में और भी ज्यादा बढ़ने का अनुमान है। बता दें कि इससे पहले 21 जुलाई को 54 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स, रिवर्स एंड पीपल्स (सेनड्राप) के प्रमुख भीम सिंह रावत ने बताया कि हथिनी कुंड बैराज से ज्यादा पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।

पिछले दिनों कितना था जलस्तर?

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब था। दिल्ली में लोहा पुल के पास बुधवार शाम 6 बजे बजे यमुना का जलस्तर 204.15 मीटर था। इससे पहले 3 अगस्त को 204.14 मीटर और पिछले महीने 23 जुलाई को 204.13 मीटर था। रावत ने बताया कि निम्न-स्तर की बाढ़ नदी की एक प्राकृतिक क्रिया है, जो इसे प्रदूषण से मुक्त करने में मदद करती है। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है।

दिल्ली में बाढ़ का अलर्ट

दिल्ली में यमुना का बढ़ता जलस्तर खतरनाक साबित हो सकता है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया और सावधानी बरतने की सलाह दी है। सरकारी अधिकारियों का कहना है कि सरकार किसी भी तरह की संभावित बाढ़ की परिस्थिति से निपटने को तैयार है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story