Women Cancer Hospital: दिल्ली में खुला एशिया का पहला महिला कैंसर अस्पताल, CM रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने महिला कैंसर अस्पताल का उद्घाटन किया।
Women Cancer Hospital: दिल्ली समेत पूरे देश में कैंसर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली में महिला कैंसर अस्पताल की शुरुआत की गई है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को डिफेंस कॉलोनी में महिलाओं के लिए समर्पित अस्पताल अपोलो एथेना का उद्घाटन किया। यह सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया का पहला ऐसा अस्पताल है, जो सिर्फ महिलाओं के कैंसर उपचार को समर्पित है।
इस अस्पताल की शुरुआत अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड (एएचईएल) द्वारा की गई है। मंगलवार को इस अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सीएम रेखा गुप्ता, बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई नेता शामिल हुए। सीएम रेखा गुप्ता ने रिबन काटकर अस्पताल का उद्घाटन किया।
क्या बोलीं सीएम रेखा गुप्ता?
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। अपोलो एथेना का शुभारंभ हुआ है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह एशिया की पहली महिलाओं के लिए समर्पित कैंसर उपचार सुविधा है, जिसे अपोलो ने दिल्ली में शुरू किया है। इससे न सिर्फ दिल्ली की महिलाओं को, बल्कि देश और दुनिया भर की महिलाओं को लाभ होगा।
Delhi: CM Rekha Gupta inaugurates Asia's first women-dedicated cancer hospital, Apollo Athena, in Defence Colony under Apollo Hospitals Enterprise Limited (AHEL) pic.twitter.com/KtOId9pAW1
— IANS (@ians_india) September 16, 2025
क्या मिलेंगी सुविधाएं?
अपोलो एथेना अस्पताल में सिर्फ महिलाओं के कैंसर का इलाज किया जाएगा। इस अस्पताल को महिलाओं को निजता और सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यहां पर मॉडर्न टेक्नोलॉजी के जरिए कैंसर का इलाज किया जाएगा। इसके साथ ही इस अस्पताल में मरीजों को डिजिटल तौर पर बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बता दें कि देश में कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। हाल ही के कुछ रिपोर्ट्स में पाया गया कि भारत में महिलाओं में कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। आईसीएमआर के नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम (एनसीआरपी) के अनुसार, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर महिलाओं में सबसे ज्यादा होते हैं।
