Delhi Fire: दिल्ली के रिठाला में भीषण अग्निकांड, 500 झुग्गियां जलकर खाक, 1 की मौत

Delhi Rithala Fire News
X

दिल्ली के रिठाला में भीषण अग्निकांड।

Delhi Fire: दिल्ली के रोहिणी इलाके में रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार रात भयानक आग लग गई। इसमें 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख हो गईं।

Delhi Rithala Slum Fire: दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गी बस्ती में शुक्रवार देर रात भीषण आग लग गई। इससे वहां अफरातफरी मच गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की सैकड़ों झुग्गियां चपेट में आ गईं। इस घटना में 100 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा एक व्यक्ति की भी मौत हो गई। दिल्ली फायर सर्विस ने शनिवार सुबह इसकी जानकारी दी।

डीएफएस ने बताया कि रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास झुग्गियों में लगी आग के बीच वहां से फायरकर्मियों ने एक शव बरामद किया। इसके अलावा एक घायल को सफदरजंग अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, आग लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में फैल गई थी। इस पर काबू करने के लिए 25 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए फायरकर्मियों ने पूरी रात कड़ी मशक्कत की।

एलपीजी सिलेंडरों में भी धमाका

दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:56 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में जानकारी मिली कि कुछ झुग्गियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी भयानक थी कि एक के बाद एक झुग्गियों को अपनी चपेट में लेती चली गई।

इस दौरान झुग्गियों में रखे कई एलपीजी सिलेंडरों में भी धमाका हुआ, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। पूरी रात कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकलकर्मियों को करीब 8 घंटे से ज्यादा का समय लगा, जिसके बाद आग बुझाई जा सकी। फिलहाल कूलिंग का काम किया जा रहा है। इस भीषण अग्निकांड में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल बताया जा रहा है।

डीएम ने दी जानकारी

नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली की डीएम सौम्या सौरभ ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कूड़ा बीनने वालों की बस्ती थी, जहां पर लगभग 300-500 झुग्गियां थीं। प्रशासन यहां पर पूरी व्यवस्था कर रहा है। डीएम ने बताया कि संबंधित अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेट किया जा रहा है। झुग्गी बस्ती के लोगों के लिए सामुदायिक केंद्र में एक अस्थायी आश्रय बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि यहां से लोगों को शिफ्ट किया जाएगा, जहां पर उनके भोजन और बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। उसके बाद फिर से उनके पुनर्वास की व्यवस्था होगी। डीएम ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अभी भी नुकसान की जानकारी मिल रही है। पीड़ितों को राहत राहत प्रदान करने के लिए काम किया जा रहा है।

कैसे फैली आग?

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास प्लास्टिक कबाड़ का धंधा था। इसकी वजह से आग लगने के बाद तेजी से फैलने लगी। दिल्ली फायर सर्विस की टीम ने बताया कि आसपास के इलाकों में प्लास्टिक कबाड़ फैले होने की वजह से आग तेजी से फैली। इससे पहले भी इस इलाके में झुग्गियों में आग लग चुकी है, लेकिन इस बार काफी ज्यादा नुकसान हो गया है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story