Delhi Crime: द्वारका में मनचलों ने की युवती से छेड़छाड़, भाई के विरोध करने पर जानलेवा हमला

Delhi crime news
X

द्वारका में छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने भाई-बहन पर जानलेवा हमाला किया। 

दिल्ली के बिंदापुर इलाके में मनचलों ने युवती से छेड़छाड़ की। युवती के भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने दोनों पर चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। युवती ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी।

Delhi Crime: दिल्ली के द्वारका के बिंदापुर इलाके में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। यहां शनिवार की शाम को कुछ मनचलों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती के भाई ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने पीड़िता और उसके भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़ित के परिजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया। साथ ही इस मामले की सूचना बिंदापुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। बता दें, कि पुलिस इस मामले में छानबीन कर रही है लेकिन अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जानें क्या है मामला?

पुलिस के मुताबिक, 19 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह जैन कॉलोनी में रहती है। उसकी गली में एक शख्स अपने कुछ साथियों के साथ खड़ा था। इसी दौरान युवती वहां से गुजरी, तो उस शख्स और उसके साथियों ने उन पर अश्लील टिप्पणी की। युवती ने इस बात का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ झगड़ा किया। झगड़े की आवाज सुनकर युवती का छोटा भाई बाहर आया, तो दोनों पक्षों में बहस हुई। इसके बाद आरोपियों ने हाथापाई की। हाथापाई के दौरान आरोपियों ने चाकू निकाल लिया और पीड़िता और उसके भाई पर हमला कर दिया।

शिकायत के बाद नहीं हुई कार्रवाई

पीड़िता का आरोप है कि 3 दिन पहले भी आरोपियों ने उनका रास्ता रोका और छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद आरोपियों ने शनिवार शाम को फिर से छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।

लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर जानलेवा हमला

वहीं, एक हफ्ते पहले दिल्ली के खजूरी खास इलाके में लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। जहां 20 वर्षीय आरोपी चमन ने एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की। स्थानीय निवासी ने इस बात का विरोध किया तो आरोपी चमन ने उस पर चाकू से हमला किया। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लड़की का बयान लिया। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story