Delhi Crime: 18 साल से फरार फर्जी बुजुर्ग कर्नल पकड़ाया, पंजाब के वृद्धाश्रम में था छिपा, जानिए क्या थे आरोप

प्रतीकात्मक तस्वीर
Delhi Fake Army Officer: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक 77 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को सेना का अधिकारी बताकर लोगों को नौकरी और फ्लैट दिलाने के नाम पर ठगी करता था। ये आरोपी 18 साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी सीताराम सिंगला को पंजाब के वृद्धाश्रम से गिरफ्तार किया है। शनिवार (31 मई) को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सिंगला पंजाब के पटियाला में एक वृद्धाश्रम में छिपकर रह रहा है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पंजाब के मानसा का रहने वाला है। साल 2007 में जमानत पर छूटने के बाद पटियाला के वृद्धाश्रम में रह रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि साल 2007 में विवेक विहार पुलिस स्टेशन एक शिकायतकर्ता की ओर से दर्ज कराए गए FIR के बाद गिरफ्तार किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना था कि सिंगला ने उससे 56 हजार रुपए की ठगी की है।
इस तरह करता था ठगी
क्राइम ब्रांच की DCP अपूर्व गुप्ता ने बताया कि आरोपी सिंगला ने शिकायतकर्ता को एक फ्लैट देने के लिए कहा था। इसको लेकर उसने कहा कि आर्मी वेलफेयर हाउसिंग ऑर्गेनाइजेशन (AWHO) की एक योजना के तहत तैयार किया जाएगा। इसके अलावा आरोपी ने उसे एक दुकान भी बुक करने की पेशकश की। DCP ने बताया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से बयाना के रूप में 56 हजार रुपए लिए।
इसके बदले में उसने फर्जी रसीद दे दी। पुलिस के मुताबिक, उस दौरान आरोपी सिंगला को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वह जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद उसे अदालत में पेश होने के लिए बुलाया गया, लेकिन वह फरार हो गया। साल 2025 में कड़कड़डूमा कोर्ट ने आरोपी सिंगला को भगोड़ा घोषित कर दिया।
कैसे अपनाया ठगी का रास्ता?
आरोपी सीताराम सिंगला ने पंजाब यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री और इकोनॉमिक्स में एमए में किया है। जानकारी के मुताबिक, सिंगला ने भारतीय सेना में एक ठेकेदार के रूप में काम करना शुरू किया। इस दौरान उसने सेना के अधिकारियों के अलग-अलग रैंकों के बारे में जानकारी हासिल। साथ ही सेना में भर्ती प्रक्रिया के बारे में सीखा।
इस जानकारी की मदद से सिंगला खुद को दूसरों के सामने कर्नल बताने लगा। उसने AWHO का उपयोग करके लोगों को डिस्काउंट वाली रियल एस्टेट और सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर फ्रॉड करना शुरू कर दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सिंगला ने पुलिस से बचने के लिए अपने परिवार से संपर्क तोड़ दिए। जांच में पता चला कि आरोपी सिंगला के खिलाफ शकरपुर पुलिस स्टेशन और क्राइम ब्रांच में धोखाधड़ी और जालसाजी के 3 मामले दर्ज हैं।
