Namo Run: सीएम रेखा ने 'नमो रन' को दिखाई हरी झंडी, सड़क सुरक्षा और फिटनेस का दिया संदेश

सीएम रेखा गुप्ता ने 'नमो भारत दौड़ सड़क सुरक्षा' को हरी झंडी दिखाई।
Namo Run: पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार में स्थित यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नमो रन का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'नमो रन' को हरी झंडी दिखाई। ये आयोजन सड़क सुरक्षा और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए किया गया। इस कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता के साथ ही भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, परिवहन मंत्री हर्ष मल्होत्रा और विधायक अरविंदर सिंह लवली शामिल हुए।
इस दौरान सीएम ने कहा, 'यह आयोजन सुरक्षित दिल्ली की दिशा में एक बड़ा कदम है। खेल प्रतियोगिताओं को सड़क सुरक्षा से जोड़ने और इस दौड़ के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने का उद्देश्य बहुत सुंदर है। इस तरह की प्रतियोगिताएं सुरक्षित और विकसित दिल्ली की राह में बहुत लाभदायक होंगी।'
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, 'आज के समय में लड़कियां भी बेहतरीन क्रिकेट खेलती हैं। हर खेल का अपना महत्व है और हर खिलाड़ी अपने आप में महत्वपूर्ण है। यह खेल प्रतियोगिता, यह दौड़ और इसमें आपकी भागीदारी, ये सब बहुत महत्वपूर्ण हैं। आप सभी को और पूरी आयोजन टीम को सभी को एक साथ लाने के लिए मैं बधाई देती हूं।'
सीएम के अलावा बीजेपी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जीवन का एक नियमित हिस्सा होना चाहिए। लोग बच्चों को कम से कम एक खेल में रुचि रखने के लिए प्रोत्साहित करें। खेल केवल जीवन जीने का एक तरीका नहीं हैं। खेल हमें शारीरिक और मानसिक तौर पर मजबूत बनाते हैं। खेल बच्चों को अनुशासित और एकाग्र रहने में मदद करते हैं।
वहीं दिल्ली के परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने सीएम रेखा गुप्ता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीएम रोजाना दो-तीन सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होती हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने शायद दस सालों में भी जनता से इतनी मुलाकात नहीं की होगी।
