CM Rekha Gupta: गांधीनगर के विकास के लिए सीएम ने किया ऐलान, सड़कों के साथ ही पार्किंग का होगा इंतजाम

CM Rekha Gupta
X

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गांधीनगर बाजार में सड़क निर्माण और पार्किंग के इंतजाम करने की घोषणा की। साथ ही इसके लिए फंडिंग का भी ऐलान किया है।

CM Rekha Gupta: थोक रेडीमेड गारमेंट डीलर्स एसोसिएशन ने गांधीनगर बाजार में 'वस्त्रिका 2025' कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद हर्ष मल्होत्रा और विधायक अरविंदर सिंह लवली शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने आधिकारिक रूप से अरविंदर सिंह लवली को यमुनापार विकास बोर्ड का चेयरमैन बना दिया। साथ ही उन्होंने बाजार के विकास के लिए 15 करोड़ रुपए के फंड का ऐलान किया। इस फंड से गांधी नगर बाजार में जर्जर हो चुकी सड़कों की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा एलिवेटेड रोड के नीचे 1000 वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी।

बता दें कि 20 अगस्त की सुबह जब सीएम रेखा गुप्ता जनसुनवाई कर रही थीं। इसी दौरान राजेश सकरिया नाम के शख्स ने उन पर हमला कर दिया था, जिसमें उन्हें काफी चोटें आईं। सीएम के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वो लगातार अपने बयान बदल रहा है।

पहले जांच में सामने आया कि हमलावर पशु प्रेमी है और दिल्ली में कुत्तों को पकड़ने वाले निर्देशों को लेकर वो सीएम से नाराज था। उसने आवारा कुत्तों को शेल्टर होम भेजे जाने के खिलाफ रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपी ने इस बात को कबूल कर लिया। आरोपी के मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस इस मामले की जांच के सिलसिले में राजेश को उसके पैतृक गांव गुजरात के राजकोट ले जा सकती है।

सीएम पर हुए इस हमले के दो दिन बाद आज सीएम इस कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं। यहां पर भी हंगामा हुआ। इस दौरान दो लोगों ने अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारे लगाए। कहा जा रहा है कि जब विधायक अरविंदर सिंह लवली जनता को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान बीते 40 सालों से बीजेपी कार्यकर्ता होने का दावा करने वाले प्रवीण शर्मा ने उनके खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता भी वहां पर मौजूद थीं।

आरोपी प्रवीण शर्मा गली में लगे बैरिकेड्स के पीछे खड़े थे। उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया गया। वहीं एक और युवक जो महिला के कपड़ों में वहां पहुंचा था, उसे भी पकड़ लिया गया। इस बारे में पुलिस ने जानकारी दी कि वीआईपी की सुरक्षा का उल्लंघन नहीं किया गया। पुलिस ने गांधीनगर में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कार्यक्रम में हंगामा करने वाले दो अलग-अलग व्यक्तियों को पकड़ा है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story