PM Modi Birthday: मिलिंद सुमन ने पुश-अप लगवाए, दिल्ली बीजेपी ने कहा- पीएम मोदी के जन्मदिन को बनाएंगे खास

एक्टर-मॉडल मिलिंद सुमन 'नमो युवा रन' का शुभारंभ करते हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) को यादगार बनाने के लिए दिल्ली भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली भाजपा की ओर से जहां 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती पर भाजपा सेवा पखवाड़ा मनाएगी, वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से 'नवो युवा रन' का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा पुश-अप चैलेंज का भी आयोजन होगा। एक्टर और मॉडल मिलिंद सुमन आज इस कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए स्वयं भी पुश-अप करते नजर आए।
पीएम मोदी मनाएंगे 75वां जन्मदिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मनाएंगे। इसके तहत भाजयुमो की ओर से नमो युवा रन अभियान की शुरुआत की गई है। भाजपा सांसद तेजस्वी शर्मा और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस अभियान की शुरुआत की। इस आयोजन को खास बनाने के लिए अभिनेता-मॉडल मिलिंद सुमन को इसका एम्बेसडर घोषित किया गया है। मिलिंद सुमन ने आज इस कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए पुश-अप चैलेंज में शामिल होते नजर आए। उन्होंने भाजपा समर्थकों के बीच जोश और उत्साह के साथ पुश-अप कर सभी को प्रोत्साहित किया।
#WATCH | Delhi | BJP MP Tejasvi Surya and Actor-model Milind Soman participate in a 'push-up challenge' during the launch of BJYM's 'Namo Yuva Run' campaign. https://t.co/zMBXWdxsOu pic.twitter.com/Q96ZaERLkK
— ANI (@ANI) September 7, 2025
दिल्ली भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर गांधी जयंती तक भाजपा सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस अभियान के तहत जहां दिल्ली में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, वहीं जनकल्याण से संबंधित कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल के नेतृत्व में कार्यशाला का आयोजन किया गया था। इसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल हुईं थी।
सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत अस्पतालों में नई सुविधाओं, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, खेल प्रतियोगिता, नृत्य एवं चित्रकला समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के संयोजक प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर उनके जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। सांसद खेल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा भी कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
