Vijay Kumar Malhotra Dies: विजय मल्होत्रा दिल्ली से 5 बार रहे सांसद, 2 बार विधायक...मनमोहन सिंह को चुनाव में हराया!

Senior BJP leader Vijay Kumar Malhotra passes away
X
बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन।
BJP Leader Vijay Kumar Malhotra: दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 94 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका राजनीतिक करियर 45 सालों का रहा, जिसमें उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं।

BJP Leader Vijay Kumar Malhotra: दिल्ली बीजेपी के पहले प्रदेश अध्यक्ष रहे विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार को निधन हो गया। उन्होंने 94 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। दिल्ली एम्स में इलाज के लिए उन्हें भर्ती कराया गया, जहां पर उनका निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय कुमार मल्होत्रा को श्रद्धांजलि दी। विजय मल्होत्रा बीजेपी के दिग्गज नेता थे। वह 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रहे।

विजय कुमार मल्होत्रा बीजेपी के साफ छवि वाले नेता थे। उन्होंने 1999 के लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को हराया था। विजय कुमार मल्होत्रा और मनमोहन सिंह के बीच करीब 30 हजार वोटों का अंतर था। यह उनके राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी जीत रही।

दिल्ली में बीजेपी को बचाने में अहम भूमिका

दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को बचाए रखने में विजय कुमार मल्होत्रा की अहम भूमिका रही। इस काम में केदारनाथ साहनी और मदन लाल खुराना ने उनका बखूबी साथ निभाया। साल 2008 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी की ओर से सीएम उम्मीदवार बनाया गया था। विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी के एकमात्र ऐसे नेता थे, जिन्होंने साल 2004 के आम चुनाव में अपनी सीट पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा विजय कुमार मल्होत्रा दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और 2 बार दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष (1977-80, 1980-84) रहे थे।

खेल प्रशासक भी रहे

बीजेपी नेता विजय कुमार मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर, 1931 को लाहौर, पंजाब (अब पाकिस्तान) में हुआ था। उन्होंने जनसंघ के दौर से ही अटल बिहार वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी के साथ काम किया था। मल्होत्रा को भारतीय राजनीतिज्ञ के साथ ही खेल प्रशासक के रूप में भी याद किया जाएगा। उन्होंने दिल्ली में शतरंज और तीरंदाजी क्लबों के प्रशासन में भी काम किया था। विजय कुमार मल्होत्रा ने हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की थी।

पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि

बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया। पीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, विजय कुमार मल्होत्रा एक उत्कृष्ट नेता थे, जिन्हें जन मुद्दों की गहरी समझ थी। उन्होंने दिल्ली में हमारी पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें संसदीय मामलों में उनके हस्तक्षेप के लिए भी याद किया जाता है। उनके निधन से दुख हुआ।' पीएम ने मल्होत्रा के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीजेपी नेता विजय कुमार मल्होत्रा के निधन को अत्यंत पीड़दायक बताया है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि बीजेपी के वरिष्ठ नेता, हम सभी कार्यकर्ताओं के अभिभावक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। इसके अलावा अन्य कई नेताओं ने भी विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story