Delhi AIIMS: जांच केंद्र से OPD तक... दिल्ली एम्स में नहीं भटकेंगे मरीज, ये ऐप दिखाएगा रास्ता

Delhi AIIMS DISHA App
X

दिल्ली एम्स में 'दिशा' ऐप दिखाएगा सही रास्ता।

Delhi AIIMS DISHA App: दिल्ली एम्स में मरीजों को सही रास्ता दिखाने के लिए 'दिशा' ऐप लॉन्च किया गया है। इसके जरिए आप किसी भी ओपीडी, लैब, फार्मेसी और अन्य जगहों का रास्ता खोज सकते हैं। नीचे पढ़ें डिटेल...

Delhi AIIMS DISHA App: राजधानी दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देश के सबसे बड़े अस्पतालों में गिना जाता है। यहां पर मरीजों को कई तरह की सुविधाएं दी जाती हैं। देश के अलग-अलग राज्यों से लोग बीमारियों का इलाज कराने के लिए दिल्ली एम्स में आते हैं। अक्सर ऐसा देखने को मिलता है कि इलाज के लिए एम्स पहुंचे मरीजों को जांच के दौरान कई तरह की समस्याएं आती हैं। अस्पताल बड़ा होने की वजह से अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। ऐसे में बहुत से लोग अस्पताल के भूलभुलैया वाले रास्ते में फंस जाते हैं। उन्हें लोगों से बार-बार रास्ता पूछना पड़ता है, लेकिन अब किसी को ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

दरअसल, हाल ही में एम्स दिल्ली की ओर से 'दिशा' नाम का ऐप लॉन्च किया गया है, जो अस्पताल परिसर में रास्ता ढूंढने में मदद करेगा। इस ऐप की मदद से मरीज जांच केंद्र से लेकर ओपीडी, इमरजेंसी, पुराना ओपीडी समेत किसी भी ब्लॉक में आसानी से पहुंच सकते हैं।

क्या है दिशा ऐप?

'दिशा' ऐप को दिल्ली एम्स में मरीजों को सटीक रास्ता दिखाने के लिए बनाया गया है। इसकी मदद से इलाज, जांच और दवा के लिए मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा। यह ऐप मरीजों को ओपीडी, फार्मेसी, लैबोरेटरीज, अपॉइंटमेंट विंडो, डायग्नोस्टिक सेंटर्स जैसी सभी जगहों तक पहुंचने में मदद करेगा। इसकी सबसे खास बात यह है कि यह ऐप बिना इंटरनेट के भी रास्ता दिखाने में मदद करेगा।

इस ऐप को हिंदी, अंग्रेजी दोनों भाषा में इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और इंटरनेट ऑफ थिंग्स पर बेस्ड इनडोर नेविगेशन सिस्टम है, जो एम्स के अंदर मौजूद सभी जगहों का रास्ता बताएगा।

कैसे काम करता है 'दिशा' ऐप?

एम्स में रास्ता ढूंढने के लिए जगह-जगह सेंसर लगाए गए हैं। ये सेंसर ऐप के माध्यम से लोकेशन बताकर उस जगह की सही दिशा दिखाते हैं। इसमें डिजिटल मैप भी देखने को मिलता है, जिसमें पूरे अस्पताल में कोने-कोने की जानकारी दी गई है। दिशा ऐप एआई की मदद से सबसे छोटा और आरामदायक रास्ता बताता है।

दिव्यांगों के लिए खास फीचर

दिल्ली एम्स का यह ऐप खासकर दिव्यांग मरीजों के लिए बेहद उपयोगी है। इस ऐप में व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए अलग से सुविधाएं दी गई हैं। इसके जरिए उन्हें सबसे आसान रास्ता बताया जाता है, जिससे वे भीड़भाड़ से बचकर निकल सकें। इस ऐप में आवाज और विजुअल नेविगेशन है, जो कई अलग-अलग भाषाओं में जानकारी देता है।

इस ऐप के जरिए आप दिल्ली एम्स अस्पताल में बिना किसी परेशानी के डॉक्टर, फार्मेसी, लैब, बिलिंग काउंटर समेत सभी जगहों को खोज सकते हैं। साथ ही ये ऐप यह भी बताता है कि किन जगहों पर ज्यादा भीड़भाड़ है। बता दें कि यह ऐप आईओएस, एंड्रॉयड दोनों पर उपलब्ध है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में लगे कियोस्क पर इसका उपयोग किया जा सकता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story