Delhi crime news: दिल्ली के रणहौला में पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर मां की हत्यारन बेटी गिरफ्तार, लंबे समय से चल रही थी फरार

Delhi crime news
Delhi crime news: साल 2023 में दो बेटियों ने संपत्ति विवाद के कारण अपनी मां की हत्या कर दी और फरार हो गईं। पुलिस ने छानबीन के बाद छोटी बेटी को तभी गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन बड़ी बेटी मौके से फरार हो गई थी। लंबे अरसे बाद छानबीन, कोशिश और तत्परता से पुलिस ने बड़ी बेटी को भी गिरफ्तार कर लिया है। छोटी बेटी ने गिरफ्तारी के बाद ही हत्या में दोनों बहनों के शामिल होने की बात कबूल की थी।
बता दें कि दिल्ली के रणहौला इलाके में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में दो बहनों ने अपनी मां की गला रेतकर हत्या कर दी थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में लंबे समय से फरार चल रही बड़ी बहन को भी गिरफ्तार कर लिया है। छोटी बहन को पहले ही दिसंबर 2023 में गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 दिसंबर 2023 को हुई, जब पीड़िता (मृतक महिला) अपने पशुओं को चारा देने गई थी। बाद में उसकी बहू को पशुओं के चारे वाले कमरे में पीड़िता का शव मिला। बहू ने बताया कि चारे वाले कमरे में अंधेरे में वो झाड़ू ढूंढ रही थी। इसी दौरान उसका हाथ अपनी सास के खून से लथपथ शव से टकराया। उसने तुरंत शोर मचाया और अपने पति को सूचना दी।
पति ने शव को बाहर निकाला, जिसके बाद पता चला कि पीड़िता की गला रेतकर हत्या की गई थी। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि हत्या का कारण पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद था।
डीसीपी हर्ष इंदोरी ने बताया कि पूछताछ में मृतका की छोटी बेटी ने हत्या की बात कबूल की थी और उसे उसी समय गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि, बड़ी बेटी (46) घटना के बाद फरार हो गई थी। पुलिस ने लंबे समय तक उसकी तलाश जारी रखी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे नजफगढ़ के नंदा एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों बहनें संपत्ति के बंटवारे को लेकर अपनी मां से नाराज थीं। बड़ी बेटी ने पूछताछ में बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थी और मां पर अपने भाई का पक्ष लेने का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि उसके भाई ने उसे संपत्ति में हिस्सा देने से इनकार कर दिया था।
जानकारी के अनुसार, मृतका के पति ने अपनी छोटी बेटी के नाम 600 वर्ग गज का प्लॉट कर दिया था, जिस पर उनके भाई ने कब्जा करने की कोशिश की। इस बात से परिवार में तनाव बढ़ गया था।
घटना वाले दिन दोनों बहनों ने एक टैक्सी बुक की और रणहौला पहुंचीं। छोटी बहन ने रसोई के चाकू से मां की हत्या की, जबकि बड़ी बहन बाहर उसका इंतजार कर रही थी। हत्या के बाद दोनों बहनें घटनास्थल से फरार हो गई थीं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।