Dargah Roof Collapse: 6 लोगों की कब्रगाह बन गई पत्ते शाह की दरगाह, मामला दर्ज

दरगाह की छत गिरी।
Dargah Roof Collapse: दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में हुमायूं के मकबरे के पास स्थित पत्ते शाह दरगाह शरीफ में दीवार और छत ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं 4 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि 15 अगस्त, शुक्रवार को दरगाह में बने दो कमरों की छत और दीवार गिरने से हादसा हुआ। इस हादसे में मौसवी समेत 10 लोग दब गए थे। लोगों ने पुलिस, एनडीआरएफ और दमकलकर्मियों की मदद से सभी को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही 6 लोगों की मौत हो गई थी।
4 घायलों का एम्स के ट्रॉमा सेंटर और आरएमएल अस्पताल में इलाज चल रहा है। बता दें कि जिस समय ये हादसा हुआ उस दौरान दरगाह में मौलवी के कमरे में लगभग 10 लोग मौजूद थे। मौलवी यहां लोगों को तावीज दे रहे थे।
कहा जा रहा है कि दरगाह के पीछे बने एक बड़े गड्ढे में पिछले कई दिनों से बारिश का पानी जमा हो रहा था और ये कमरे भी लगभग 50 साल पुराने थे। इसकी दीवारें मिट्टी की बनी हुई थीं। शुक्रवार को अचानक जोरदार आावाज के साथ कमरे की दीवार और छत गिर गई। इससे मौलवी और कमरे में मौजूद लोग मलबे में दब गए।
मृतकों की पहचान मीना अरोड़ा (56), मोनुष्का अरोड़ा (24), अनीता सैनी (40), मोइनुद्दीन (35), स्वरूप चंद (79) और आरिफ (30) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान आर्यन, रशद परवीन, शमीम, रानी, गुड़िया के रूप में हुई है।
दरगाह से जुड़े लोगों ने बताया कि मौलवी के लिए बने ये कमरे लगभग 50 साल पुरानी है। ये छत मिट्टी और ईंटों से बनाई गई थीं। इनकी मरम्मत के लिए कई बार कहा गया था। 25 साल पहले इनके पुनर्निर्माण की भी कोशिश की गई थी लेकिन भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने ऐसा करने से रोक दिया। उनका कहना था कि ये हुमायूं के मकबरे के संरक्षित क्षेत्र में आता है। इसके कारण इनमें कोई बड़ी मरम्मत नहीं हुई।
वहीं दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस उपायुक्त एसके जैन ने बताया कि दरगाह के संचालक को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आसपास का सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिया है। आशंका है कि ये अतिक्रमण है। इस नजरिए ये भी जांच की जा रही है। पुष्टि होने के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
