NIA Arrests CRPF Jawan: सीआरपीएफ जवान ने देश से की 'गद्दारी'? NIA ने मोती राम को किया गिरफ्तार, पाकिस्तान के लिए की जासूसी

CRPF Jawan Moti Ram Arrested: भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा में सेंध लगाने वाले एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। NIA ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान मोती राम जाट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उसने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के साथ शेयर किए।
2023 से देशविरोधी गतिविधियों को दे रहा था अंजाम
एनआईए की टीम ने मोती राम जाट को दिल्ली से गिरफ्तार किया। उसे आज (सोमवार) पटियाला हाउस कोर्ट की विशेष अदालत में पेश किया गया। जहां कोर्ट ने उसे 6 जून 2025 तक के लिए NIA की रिमांड पर भेज दिया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि वो साल 2023 से देशविरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। उसने पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों को कई गोपनीय जानकारियां दीं। ये जानकारियां सैन्य रणनीति, सैन्य बलों की सुरक्षा की तैनाती और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी हुई थीं।
पैसों के लालच में की गद्दारी
NIA की जांच में पता चला कि मोती राम जाट को पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों (PIO) की तरफ से कई अलग-अलग तरीकों से पैसे भेजे गए थे। पैसों का लेनदेन डिजिटल वॉलेट, हवाला नेटवर्क आदि से हुआ। जानकारी के अनुसार, इस केस से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। ये जांच केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, बिहार आदि राज्यों में भी चल रही है। NIA की टीम इस बात का पता लगाने में भी जुटी हुई है कि क्या कोई अन्य सुरक्षाकर्मी भी इस तरह की गतिविधि में शामिल है।
एनआईए की टीम करेगी फोकस
इस मामले में एक वरिष्ठ NIA अधिकारी ने कहा कि ये केवल एक व्यक्ति की देश से गद्दारी नहीं है, बल्कि एक नेटवर्क की तरफ इसका इशारा है। एनआईए की टीम इस बात पर खास फोकस रखेगी कि मोती राम ने कौन-कौन सी जानकारियां पाकिस्तान के साथ शेयर कीं और इस दौरान वो किस-किसके संपर्क में रहा?
