Lakhpat Kataria: दिल्ली कांग्रेस नेता लखपत कटारिया हत्याकांड में बाप-बेटा गिरफ्तार, आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम

कांग्रेस नेता लखपत कटारिया हत्याकांड।
Lakhpat Kataria Murder Case: दिल्ली के मालवीय नगर में शुक्रवार 26 सितंबर को कांग्रेस नेता लखपत कटारिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने अब इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आपसी रंजिश के चलते लखपत कटारिया की हत्या की गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बवाना से गिरफ्तार किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक ट्रक ड्राइवर है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई इलाकों के CCTV फुटेज को खंगाला था और संदिग्धों से पूछताछ भी की गई थी। बता दें कि बेगमपुर के प्रॉपर्टी डीलर और 55 वर्षीय नेता लखपत सिंह कटारिया शुक्रवार की सुबह विजय मंडल पार्क के पास सैर कर रहे थे। उस दौरान दो लोगों ने उन्हें रोक लिया था।
DCP अंकित चौहान ने क्या कहा ?
दक्षिण दिल्ली के DCP अंकित चौहान ने बताया कि,'विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज की जाँच की और आरोपी का पता लगाया। मृतक के साथ उसकी पुरानी दुश्मनी थी। अपराध की योजना बहुत सोची-समझी थी। आरोपी के बेटे ने, 18 साल का होने से ठीक एक दिन पहले, पीड़ित की दिनचर्या पर नज़र रखने और अपने पिता के साथ योजना बनाने के बाद हत्या को अंजाम दिया।'
VIDEO | Local Congress leader was shot dead in Delhi's Malviya Nagar on September 26 by two unidentified assailants following an argument that led to a physical altercation with them.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 28, 2025
Ankit Chauhan, DCP for South Delhi, says, "Special teams checked the CCTV footage and traced… pic.twitter.com/64Lxzz7rgj
आरोपियों ने कैसे दिया वारदात को अंजाम ?
मृतक लखपत कटारिया और दोनों आरोपियों के बीच कहासुनी भी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बल्ले जैसी किसी चीज़ से उनपर हमला कर दिया और फिर गोली चला दी। आरोपियों ने वारदात के समय कम से कम तीन गोलियां चलाई। गोलियों की आवाज से पार्क में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल अवस्था में लखपत कटारिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बीते दिन शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजन को सौंप दिया था।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
