CM Rekha Gupta: छठ के समय यमुना में नहीं दिखेगा झाग, दिल्ली सरकार कर रही बड़ी तैयारी
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।
CM Rekha Gupta: सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के लोगों को आश्वासन दिया है कि इस साल आगामी छठ पर्व के दौरान यमुना नदी की सतह पर झाग नजर नहीं आएगा। सीएम ने कहा कि यमुना प्रदूषित हो गई थी। इसके पुनरुद्धार के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। बता दें कि हर साल दिवाली के बाद यमुना नदी में सीवरेज और औद्योगिक कचरा छोड़ा जाता है, जिसके कारण पानी में झाग आ जाता है। पिछले कुछ सालों से छठ के दौरान यमुना नदी में खड़ी महिलाओं की फोटो और वीडियो वायरल होती आ रही हैं, जिसके कारण पूर्व सरकारों को काफी आलोचना सहनी पड़ी थी। हालांकि इस बार दिल्ली की बीजेपी सरकार का कहना है कि इस साल यमुना नदी में कोई झाग नहीं दिखेगा।
दिल्ली सचिवालय में लंबित पानी के बिलों पर एक माफी योजना की घोषणा करते हुए सीएम ने कहा कि मौजूदा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को अपग्रेड किया जा रहा है। साथ ही एसटीपी के लिए निविदाएं और नालों के बेतरतीब प्रवाह को रोकने के लिए ड्रोन मैपिंग के साथ ही सफाई और पुनरुद्धार का काम तेजी से चल रहा है। सीएम ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि समय के साथ, सरकार यमुना नदी को स्वच्छ बनाएगी।
सीएम ने कहा कि जिस तरह इस मानसून के समय मिंटो रोड में पानी नहीं भरा, उसी तरह से यमुना में झाग भी नहीं दिखेगा। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली के लोगों को दिवाली के बाद छठ महापर्व पर भव्य आयोजन देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यमुना नदी के दोनों तरफ छठ घाट बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर छठ के भव्य आयोजन की योजना बनाई है। यमुना और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 1000 से ज्यादा छठ घाट बनाने की योजना है। इसके लिए यमुना की सफाई के लिए दिल्ली जल बोर्ड और जल संसाधन मंत्री कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं दिल्लीवासियों को आश्वस्त कर सकती हूं कि दिल्ली के लोगों को यमुना नदी में कोई झाग नहीं दिखेगा।'
दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने कहा कि इस साल पूरी दिल्ली में एक हजार से ज्यादा जगहों पर छठ महापर्व मनाया जाएगा। यमुना नदी के किनारे, मुनक नहर और कई कृत्रिम तालाबों पर छठ घाट बनाए जाएंगे। सरकार ने संबंधित विभागों को सभी स्थलों पर साफ-सफाई करने, बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने जैसे निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं त्योहार के मद्देनजर सिंचाई विभाग को स्वच्छ जल सुनिश्चित करने के लिए यमुना से जलकुंभी हटाने का काम सौंपा गया है।
