Budget 2026: बजट 2026 से सीएम रेखा गुप्ता खुश, दिल्ली को मिले 1348 करोड़

सीएम रेखा गुप्ता ने की बजट की तारीफ
Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन ने रविवार को साल 2026-27 का बजट पेश किया। केंद्र सरकार के इस बजट की दिल्ली की मुख्यमंत्री सीएम रेखा गुप्ता ने जमकर तारीफ की है और दिल्ली को 1348 करोड़ रुपए देने के लिए मोदी सरकार का धन्यवाद भी किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बजट में दिल्ली को 1348 करोड़ रुपए मिले हैं उसके लिए सरकार का धन्यावाद।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार ने इस बार खर्च बढ़ाया है। मैं पीएम मोदी के लिए इस बात पर अपनी ओर से धन्यवाद देना चाहती हूं। इसके अलावा सीएम रेखा गुप्ता ने गृहमंत्री अमित शाह और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह बजट बहुत ही संतुलित है। यह गरीबों को भरोसा देने वाला और युवाओं को रोजगार देने वाला बजट है।
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार इस साल के केंद्रीय बजट में घोषित 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप में से प्रस्तावित नरेला एजुकेशन हब को शामिल करवाने की कोशिश करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि इस साल का बजट शानदार,संतुलित और नई दिशा देने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि इस बजट ने देश के युवाओं, महिलाओं सहित और अन्य सभी वर्गों को अवसर देने का काम किया है। सीएम का कहना है कि दिल्ली इस बजट के प्रावधानों का अधिकतम लाभ उठाने की कोशिश करेगी।
उन्होंने इस दौरान बजट के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे शहर में लाखों की संख्या में लोगों को सीधा फायदा होगा। दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से राजधानी में परिवहन बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा। सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार एक साथ मिलकर इन योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाएंगी। यह बजट दिल्ली के हित का बजट है। खासकर लड़कियों के लिए हर जिले में हॉस्टल बनाने के लिए बजट का प्रावधान रखा गया है, जो कि प्रशंसनीय है। सीएम ने कहा कि यह अगली पीढ़ी के उज्जवल भविष्य का बजट है।
