Punjab Flood: दिल्ली बीजेपी ऑफिस से 52 ट्रक पंजाब के लिए रवाना, सीएम बोलीं- अन्नदाता न हों परेशान

सीएम रेखा गुप्ता राहत सामग्री से भरे ट्रकों को रवाना करते हुए।
बाढ़ प्रभावित पंजाब के लोगों की मदद के लिए दिल्ली भाजपा ने कदम बढ़ा दिया है। आज दिल्ली भाजपा कार्यालय से पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री से भरे 52 ट्रक रवाना किए गए हैं। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर इन ट्रकों को रवाना किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पंजाब बाढ़ के संकट से जूझ रहा है। दिल्ली का हर नागरिक सरकार के साथ बाढ़ प्रभावित पंजाब के लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता को हम अकेले नहीं लड़ने देंगे। उनके लिए जो भी व्यवस्थाएं होंगी, उन्हें उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन ट्रकों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए खाने पीने, कपड़े, जूते, मच्छरदानी समेत तमाम वो चीजें भेजी गई हैं, जिनकी उन्हें जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमने पंजाब के मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये का योगदान भी दिया है। सीएम रेखा गुप्ता ने उम्मीद जताई कि बाढ़ से जो स्थिति बिगड़ी है, जल्द ही स्थिति पटरी पर आ जाएगी।
केजरीवाल पर साधा निशाना
दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर पंजाब की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों को अरविंद केजरीवाल की जरूरत थी कि वहां रहकर उनकी मदद करें। लेकिन अरविंद केजरीवाल गुजरात में हैं। उन्होंने कहा कि जब केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्हें दिल्ली के लोगों की परवाह नहीं थी। अब वे पंजाब में है, तब भी उन्हें पंजाब के लोगों की परवाह नहीं है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि उन्हें राज्य के लोगों के साथ खड़ा होना चाहिए था, लेकिन वे गुजरात भाग गए। उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता का जिक्र करते हुए कहा हमारे सीएम ने भगवंत मान से बात की और 5 करोड़ रुपये पंजाब मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए, यही मानवता है।
