CM Rekha Gupta: दिल्ली में 2 नए जिले और 6 सब-डिवीजन बनाने को मंजूरी, जानें क्या होंगे बदलाव

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता।
CM Rekha Gupta: दिल्ली सरकार ने शहर की प्रशासनिक सीमाओं को बदलने को शुरुआती मंजूरी दे दी है। इस बदलान के बाद दो नए जिले जुड़ जाएंगे और 6 नए सब-डिवीजन जुड़ जाएंगे। इसके बाद दिल्ली में 11 की जगह 13 राजस्व जिले और 33 की जगह 39 सब-डिवीजन बन जाएंगे। सरकार के इस कदम से विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनने की उम्मीद है। इससे अधिकार क्षेत्र से जुड़ी उलझनें खत्म हो जाएंगी। लोगों की शिकायतें तेजी से सुनी जा सकेंगी और उनका समाधान किया जा सकेगा। इस नई योजना के तहत MCD के अलग-अलग जोन को राजस्व जिलों के साथ जोड़ा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली छावनी और एनडीएमसी इलाकों को नई दिल्ली जिले में शामिल किया जाएगा। इस जिले के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट बैठक और एलजी के सामने पेश किया जाएगा। इसके बाद कैबिनेट की बैठक और एलजी वीके सक्सेना की मंजूरी के बाद इन नए जिलों और सब-डिवीजन को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बता दें कि वर्तमान समय में दिल्ली में 11 राजस्व जिले हैं। जिला मजिस्ट्रेट ही हर जिले का मुखिया होता है। ये सभी जिला मजिस्ट्रेट अपने-अपने दफ्तरों से काम करते हैं। वहीं दिल्ली एमसीडी 12 जोन में बंटा हुआ है। ये सभी जोन डिप्टी कमिश्नर द्वारा संभाले जाते हैं। इसके अलावा नई दिल्ली जिले के अंदर NDMC यानी दिल्ली का लुटियंस जोन एक अलग जोन है। इसके कारण अकसर MCD के जोन और राजस्व जिलों के बीच तालमेल नहीं बन पाता है। इसकी वजह से कई कामों को निपटाने में दिक्कत आती है। अधिकार क्षेत्र को लेकर भी विवाद हो जाता है।
जानकारी के अनुसार, अब मौजूदा 12 MCD जोन को ही जिला घोषित किया जा सकता है। एमसीडी के 12 जोन में सेंट्रल दिल्ली जोन, सिटी सदर-पहाड़गंज, सिविल लाइंस,करोल बाग, रोहिणी,शाहदरा उत्तर, शाहदरा दक्षिण, ईस्ट और वेस्ट, नजफगढ़, नरेला और केशवपुरम हैं। उम्मीद है कि सरकार के इस कदम से शाहदरा जिले में सबसे ज्यादा बदलाव हो सकते हैं।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।
