Delhi CM: सीएम रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री बनने के बाद लिया था प्रण, बोलीं- अब पूरा करने का वक्त आ गया

CM Rekha Gupta
X

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज मथुरा पहुंची। उन्होंने कहा कि सीएम बनने के बाद पहली बार मथुरा आना हुआ है। उन्होंने उस प्रण का जिक्र किया, जो सीएम बनने के बाद लिया था।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज मथुरा पहुंची। उन्होंने कोसी के कोटवन में केडीएम ग्रीन्स बायो सीएनजी प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया। राधा-कृष्ण की नगरी में पहुंचने पर सीएम खुश होने के साथ ही भावुक भी नजर आईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मथुरा आना हुआ है। गोवर्धन के मंदिरों का दर्शन करेंगी और परिक्रमा भी देंगी। इस दौरान उनके साथ यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण मौजूद रहे।

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में 12,000 से अधिक डेयरियों से प्रतिदिन हजारों टन गोबर निकलता है, जिसे पहले एक अनुपयोगी बोझ की तरह देखा जाता था। दिल्ली में बायो-सीएनजी परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। यह पहल न केवल यमुना को स्वच्छ रखने में सहायक होगी, बल्कि हरित ऊर्जा के उत्पादन में भी योगदान देगी।

सीएम ने कहा कि हम न केवल नई गौशालाएं बनाएंगे बल्कि सभी डेयरी कॉलोनियों में सभी सुविधाएं मुहैया कराएंगे। दिल्ली में चार सीएनजी बायो प्रोजेक्ट लगाने का कार्य शुरू हो चुका है। गाय के गोबर का सही तरीके से इस्तेमाल करने के लिए यह पहल है। उन्होंने कहा कि दो साल के भीतर हम दिल्ली शहर के लिए जितनी जरूरत होगी, उतने सीएनजी बायो प्रोजेक्ट लगाएंगे ताकि थोड़ी मात्रा में भी गाय का गोबर यमुना नदी में न जाए और उसे नुकसान न पहुंचे।

इससे पूर्व भाजपा महिला मोर्चा की तरफ से आयोजित मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। सीएम गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर बहुत अच्छा लग रहा है, जहां आपातकाल पर चर्चा की गई। 25 जून 1975 को देश में जो कुछ भी हुआ, उससे देश को जेलखाना बना दिया गया था। लाखों लोगों को जेल भेजा गया। आज महिला की महिलाओं को उस अध्याय के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि दोबारा ऐसा संकट देश पर न आए, इसके लिए पूरा देश एकजुट होकर इस लड़ाई को लड़ेगा।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story