CM Rekha Gupta: दिल्ली में बनेगा ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड, 'अर्धनारीश्वर' कार्यक्रम में सीएम ने की घोषणा

ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने की घोषणा
CM Rekha Gupta: दिल्ली सरकार ने सोमवार को घोषणा की थी कि दिल्ली में ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड बनाया जाएगा। इस बोर्ड में कम्युनिटी के प्रतिनिधि और कार्यकारी सदस्य शामिल होंगे। ये बोर्ड ट्रांसजेंडर लोगों की समस्याएं समझकर उनके लिए कल्याणकारी योजनाएं बनाएगा। बता दें कि सोमवार को सीएम रेखा गुप्ता नेशनल ट्रांसजेंडर अवॉर्ड्स 2025 में शामिल हुईं। इस कार्यक्रम की थीम 'अर्धनारीश्वर' रखी गई। इसका आयोजन अंतरराष्ट्रीय ट्रांसजेंडर अखाड़ा ने किया था। इस वेलफेयर बोर्ड के बनने से ट्रांसजेंडर्स को समाज में समान अवसर और उनके अधिकारों के संरक्षण में मदद मिलेगी।
इस दौरान सीएम रेखा ने कहा, 'अर्धनारीश्वर का स्वरूप हमें यह संदेश देता है कि स्त्री और पुरुष दोनों के बिना संपूर्णता संभव नहीं है। इस संतुलन और सामंजस्य में मानवता का वास्तविक स्वरूप छिपा है।' इस दौरान सीएम ने घोषणा की कि दिल्ली सरकार जल्द ही ट्रांसजेंडर वेलफेयर बोर्ड बनाएगी।
सीएम ने कहा कि ट्रांसजेंडर्स को समाज में समान अवसर देने और उनके अधिकारों को सुरक्षित रखने रखने के लिए सरकार कई कदम उठा रही है। साथ ही दिल्ली सरकार ट्रांसजेंडर्स को समाज में सशक्त बनाने के लिए भी काम कर रही है। इसके लिए ट्रांसजेंडर्स को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक किया जाएगा। साथ ही उनकी समस्याओं को सुना और समझा जाएगा। समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बता दें कि सरकार के इस कदम से ट्रांसजेंडर्स को नौकरी के लिए और समाज में सबके बराबर रहने और काम करने के अधिकार मिलेंगे। साथ ही लोगों को उनके बारे में और उनके अधिकारों के बारे में जागरुक कराया जाएगा। जरूरत पड़ेगी, तो इसके लिए अभियान भी चलाए जा सकते हैं।
सीएम रेखा गुप्ता के साथ ही इस कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायक शिखा राय समेत देश के अलग-अलग कोने से आए लोगों ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
